रतलाम पुलिस की बड़ी बैठक: एसपी अमित कुमार ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, स्थायी वारंटियों की धरपकड़ और ऑपरेशन मुस्कान के लिए दिए सख्त निर्देश
रतलाम, 08 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार की अध्यक्षता में आज नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में एक विस्तृत अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना/चौकी प्रभारियों ने भाग लिया।
समीक्षा बैठक के दौरान एसपी अमित कुमार ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के अपराधों का तुलनात्मक विश्लेषण किया। जिन थाना क्षेत्रों में अपराधों की दर में बढ़ोतरी देखी गई, वहाँ के प्रभारियों को कारणों का पता लगाकर तत्काल सुधारात्मक कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम ग्रामीण विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो, नगर पुलिस अधीक्षक रतलाम सत्येंद्र घनघोरिया, सीएसपी जावरा युवराज सिंह चौहान, एसडीओपी सैलाना श्री लेखराज मीणा, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय, एसडीओपी आलोट सुश्री पल्लवी गौर, डीएसपी यातायात आनंद स्वरूप सोनी तथा महिला सेल डीएसपी श्रीमती गायत्री सोनी सहित जिले का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
एसपी अमित कुमार ने दिए निर्देश
पुराने व लंबित प्रकरणों को जल्द सुलझाने के लिए विशेष टीमों का गठन किया जाए। गुम और अपहृत नाबालिग बच्चों की सकुशल दस्तयाबी के लिए अभियान चलाकर टीमों को सक्रिय किया जाए। महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई हो और समानांतर रूप से जागरूकता अभियान भी चलाए जाएं। लंबे समय से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। चोरी के मामलों में आरोपियों को जल्द पकड़कर चोरी गया माल (मशरूका) बरामद किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण समाधान किया जाए। साथ ही, थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में 'जनसंवाद' आयोजित कर जनता से सीधा संपर्क स्थापित करें।
एसपी अमित कुमार का संदेश
"अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें, अपराधियों पर अंकुश लगाएँ और आम जनता के साथ संवाद को और मजबूत करें।"

