रणथंभौर एक्सप्रेस के पहियों से निकला धुआं, मची अफरा-तफरी; आधे घंटे बाधित रहा रेल यातायात
रतलाम, 18 जून(इ खबर टुडे)। इंदौर से जोधपुर जाने वाली गाड़ी संख्या 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ट्रेन के एक जनरल कोच के पहियों से अचानक घने धुएं का गुबार निकलने लगा। घटना सुबह करीब 9:20 बजे लूनी रिच्छा स्टेशन के समीप की है। पहियों के पास से धुआं उठता देख यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, लोको पायलट और गार्ड की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेन जब लूनी रिच्छा स्टेशन के पास थी, तभी उसके आगे स्थित जनरल कोच के ब्रेक वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा। इसे देखकर कोच के भीतर बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। अनहोनी की आशंका के चलते कई यात्री एहतियात के तौर पर अपने सामान के साथ तुरंत ट्रेन से नीचे उतर गए। मौके पर कुछ देर के लिए चीख-पुकार और डर का माहौल बन गया था।
ब्रेक जाम होने से बिगड़ी स्थिति, 20 मिनट खड़ी रही ट्रेन
धुएं की सूचना मिलते ही लोको पायलट और गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन को तुरंत रुकवाया। रेलवे कर्मचारियों और तकनीकी स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और प्रभावित कोच की जांच शुरू की।
रेल मंडल कोटा के जनसम्पर्क विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जनरल कोच के पहियों के ब्रेक जाम (Brake Binding) हो गए थे, जिसके घर्षण के कारण धुआं निकल रहा था।
तकनीकी टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जाम हुए ब्रेक को रिलीज कराया। सुरक्षा संबंधी कड़े परीक्षण और पूरी तरह से खतरा टल जाने की पुष्टि के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 20 मिनट तक लूनी रिच्छा स्टेशन पर खड़ी रही।
अप लाइन का रेल यातायात रहा प्रभावित
इस अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण अप लाइन का रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। रणथंभौर एक्सप्रेस के खड़े होने के कारण पीछे से आ रही अवध एक्सप्रेस को भी कुछ समय के लिए रोकना पड़ा। इसके अलावा अन्य कई ट्रेनों की आवाजाही पर भी इसका असर देखा गया। रेलवे प्रशासन के मुताबिक, स्थिति पूरी तरह से सुधारने के बाद सभी ट्रेनों का परिचालन सामान्य रूप से बहाल कर दिया गया है।

