रतलाम में 3 साल से फरार 12 हजार का इनामी स्मैक व MD ड्रग तस्कर वडोदरा से गिरफ्तार
रतलाम, 06 नवंबर (इ खबर टुडे)। राज्य स्तरीय "एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान" के तहत रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना स्टेशन रोड और बिलपांक पुलिस की संयुक्त टीम ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामलों में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे 12,000 रुपये के इनामी आरोपी को वडोदरा (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पन्द्रो और अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
दो थानों में दर्ज थे एनडीपीएस के गंभीर मामले
पकड़ा गया आरोपी दिलशाद उर्फ दिलशाह (36), निवासी जहांगीरपुरा, सूरत (गुजरात) वर्ष 2023 से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। आरोपी पर थाना स्टेशन रोड अपराध क्रमांक 489/2023 (धारा 8/15, 29 NDPS एक्ट) के तहत 18 ग्राम ब्राउन शुगर (स्मैक) तस्करी और थाना बिलपांक अपराध क्रमांक 422/2023 (धारा 8/22, 29 NDPS एक्ट) के तहत 11 ग्राम एमडी (MD) ड्रग तस्करी का मामला दर्ज था। लगातार फरार रहने के कारण पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 12,000 रुपये का नकद इनाम घोषित किया गया था।
गुजरात में दबिश देकर पकड़ा, मिला पुलिस रिमांड
स्टेशन रोड थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सटीक सूचना के आधार पर 5 नवंबर 2026 को वडोदरा में दबिश देकर आरोपी दिलशाद को धर दबोचा। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे अवैध मादक पदार्थों की सप्लाई चेन और अन्य नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
आरोपी की गिरफ्तारी में निरीक्षक मुनेन्द्र गौतम (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), निरीक्षक अय्युब खान (थाना प्रभारी बिलपांक), उप निरीक्षक जितेन्द्रसिंह कनेश, आरक्षक मोहन पाटीदार, आरक्षक विनोद मेवाडा तथा प्रधान आरक्षक हेमंत परमार (थाना बिलपांक) की सराहनीय भूमिका रही।

