Movie prime

 हुसैन टेकरी से चोरी हुआ 6 माह का मासूम शिवपुरी से सकुशल बरामद, संदेही महिला-पुरुष गिरफ्तार

 

रतलाम /​जावरा,06जून(इ खबर टुडे)। हुसैन टेकरी परिसर स्थित चिराग होटल के बाहर खुले शेड में सो रहे एक परिवार का 6 महीने का बच्चा चोरी होने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुस्तैद जावरा पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज कुछ ही घंटों के भीतर मासूम को शिवपुरी से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले आरोपी महिला और पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है। 

जावरा औद्योगिक थाना प्रभारी प्रकाश गड़रिया से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सागर जिले के राहतगढ़ बस स्टैंड के पास रहने वाले साहिल नट अपनी पत्नी शाहिन और दो बच्चों के साथ हुसैन टेकरी आए हुए थे। साहिल के भाई की पत्नी की तबीयत खराब होने के कारण वे पिछले एक महीने से टेकरी पर रुके हुए हैं, और साहिल का परिवार भी 15 दिन पहले ही यहाँ आया था। बीती रात करीब 11 बजे यह परिवार ऑटो स्टैंड के पास स्थित चिराग होटल के बाहर शेड में सोया था। उनके पास ही एक अज्ञात महिला और पुरुष भी सोए हुए थे। ​

सुबह 4:30 बजे खुला राज 
सुबह करीब 4:30 बजे जब साहिल की नींद खुली, तो उनका 6 महीने का बेटा गायब था। आसपास तलाश करने पर जब बच्चा नहीं मिला और बगल में सोए महिला-पुरुष भी गायब दिखे, तो पीड़ित परिवार ने तुरंत हुसैन टेकरी पुलिस चौकी में सूचना दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 137(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। ​

सीसीटीवी और तकनीकी टीम की मदद से मिली सफलता 
थाना प्रभारी प्रकाश गड़रिया और चौकी प्रभारी कन्हैया अवास्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस का सहारा लिया। सुराग मिलते ही जावरा पुलिस ने शिवपुरी पुलिस को अलर्ट किया। शिवपुरी में घेराबंदी कर आरोपी निजाम पिता कालू मोहम्मद और साथी महिला रूपा पति दिनेश रेगर 30 वर्षीय को दबोच लिया गया और उनके चंगुल से बच्चे को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया। पुलिस आरोपियों को और बच्चे को रतलाम लेकर आ रही जिसके बाद ही पुलिस पूछताछ शुरू करेगी कि वे बच्चे को किस इरादे से ले गए थे।