Movie prime

शासकीय कार्यों में लापरवाही पर रतलाम ग्रामीण के 10 पटवारियों को कारण बताओ सह आरोप-पत्र जारी

कलेक्टर श्री कटेसरिया की एक और बड़ी कार्यवाही
 

 

 

 

 

 

​रतलाम,09 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। शासकीय योजनाओं एवं राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही और समय पर काम पूरा न करने के मामले में रतलाम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), रतलाम ग्रामीण द्वारा तहसील रतलाम ग्रामीण के 10 पटवारियों को दीर्घ शास्ति (दीर्घ दंड) संबंधी आरोप-पत्र जारी किए गए हैं।  
​यह कार्रवाई विशेष रूप से स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री तथा अन्य राजस्व संबंधी निर्धारित कार्यों के निष्पादन में दी गई ढिलाई और पेंडेंसी को देखते हुए की गई है।  

​जारी पत्र के अनुसार कलेक्टर श्री कटेसरिया ने लापरवाही करने पटवारी में सुदीप शर्मा – हल्का 70-धराड, मोहित कुमार सिंह – हल्का 82-सिमलावदा, गिरीश शर्मा – हल्का 22-बांगरोद, सुशील भिण्डवाल – हल्का 101-बिरमावल, आकाश रलोतिया – हल्का 81-रत्तागढ़खेड़ा, दुर्गेश हेदरिया – हल्का 58-शिवपुर, श्यामेंद्र भदौरिया – हल्का 13-सेमलिया, आशीष चौधरी – हल्का 5-  पंचेड महेंद्र बारिया – हल्का 56-बडोदिया, मनोज सिंह मंडलोई – हल्का 60-लुनेरा के पटवारी शामिल है।

​बर्खास्तगी तक हो सकती है कार्रवाई, जांच के बाद होगा अंतिम निर्णय
​प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, आरोप-पत्र जारी होने के पश्चात् संबंधित पटवारियों के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संबंधित कर्मचारियों के जवाब और जांच में प्रस्तुत तथ्यों के आधार पर आरोपों की समीक्षा की जाएगी।  

​यदि पटवारियों पर लगे आरोप सिद्ध होते हैं, तो नियमानुसार उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई (दीर्घ शास्ति) की जाएगी। नियमावली के तहत इसमें सेवा से बर्खास्तगी (नौकरी से हटाया जाना) तक का प्रावधान शामिल है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि केवल आरोप-पत्र जारी होना अंतिम दंड नहीं है; अंतिम फैसला पूरी विभागीय जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।