Movie prime

 बड़ा हादसा टला: तिरुवनंतपुरम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, दो बोगियाँ प्रभावित ​

 रतलाम जिले के आलोट के पास हुई घटना 
 
  बड़ा हादसा टला: तिरुवनंतपुरम-दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, दो बोगियाँ प्रभावित ​

रतलाम/कोटा, 17 मई (इ खबर टुडे)। तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) जा रही ट्रेन संख्या 12431 राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब ट्रेन की बोगियों में अचानक भीषण आग लग गई। यह घटना सुबह करीब 5:15 बजे कोटा रेल मंडल के लूणीरिच्छा और विक्रमगढ़ आलोट रेलवे स्टेशनों के बीच घटित हुई। आग इतनी तेजी से फैली कि इसने देखते ही देखते दो बोगियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों में भारी दहशत फैल गई। ​ ​

मिली जानकारी के अनुसार, रतलाम कंट्रोल को सुबह 05:20 बजे कोटा कंट्रोल से राजधानी एक्सप्रेस के B-1 कोच में आग लगने की प्रारंभिक सूचना मिली थी। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जैसे ही आग की लपटें दिखाई दीं, यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, रेलवे स्टाफ की मुस्तैदी और सूझबूझ से तुरंत प्रभावित बोगियों को ट्रेन के बाकी हिस्सों से अलग कर दिया गया, जिससे आग आगे नहीं फैल सकी। ​

राहत और बचाव कार्य जारी, कोई हताहत नहीं ​
राहत की बात यह है कि इस भीषण अग्निकांड में किसी भी यात्री के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआरएम (DRM) रतलाम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। इसके साथ ही ​रतलाम से ART (एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन) और ARME (एक्सीडेंट रिलीफ मेडिकल इक्विपमेंट) को मौके पर भेज दिया गया है। ​परिचालन और तकनीकी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए टावर वैगन भी रतलाम से घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है। ​फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के काम में जुटी हुई हैं और कोटा पीआरओ के मुताबिक, रेलवे की स्वास्थ्य विभाग की टीम भी चिकित्सा व्यवस्था संभालने के लिए मौके पर पहुँच चुकी है। ​

रेल यातायात प्रभावित ​
इस हादसे के कारण दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के लिहाज से रेलवे प्रशासन ने कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ा कर दिया है, जिनकी सूची इस प्रकार है। 
19020 देहरादून एक्सप्रेस शामगढ़, 12472 स्वराज एक्सप्रेस शामगढ़, 12416 इंटरसिटी एक्सप्रेस सुवासरा, 22210 नई दिल्ली-मुंबई दूरंतो चौमहला, 05017 स्पेशल ट्रेन नाथू खेड़ी और  01492 पुणे स्पेशल मोड़क पर ठहराव दिया गया। 

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने और प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित भेजने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।