Movie prime

 रतलाम: सैलाना बस स्टैंड पर सब्जी मंडी के बाहर दुकानों के छज्जे गिरे, बड़ा हादसा टला

 

 

​रतलाम, 26 सितंबर(इ खबर टुडे)। सैलाना बस स्टैंड स्थित सब्जी मंडी गेट के पास शनिवार रात करीब 9:30 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंडी गेट के पास की एक दुकान छोड़कर कतार में बनी सात दुकानों की ऊपर की बाउंड्री वॉल और छज्जे अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरे।
​
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात करीब 9:30 बजे की है। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के कारण सभी दुकानें बंद थीं और आसपास लोगों की आवाजाही कम थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।

​शटर उखड़ी, बिजली के मीटर भी टूटे
छज्जा और बाउंड्री वॉल गिरने के जोरदार धमाके के साथ दुकानों के बाहर लगे शेड और पटरे पूरी तरह टूट-फूट गए। हादसे का प्रभाव इतना तेज था कि सात में से एक दुकान की शटर तक उखड़ गई। इसके अलावा दुकानों के बाहर लगे बिजली के मीटर भी उखड़ कर तार टूट गए।

​दुकान संचालक मौके पर पहुंचे
हादसे की खबर मिलते ही दुकानों के संचालक तुरंत मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों को संभालना और अंदर रखे सामान को सुरक्षित स्थानों पर हटाना शुरू कर दिया।