Movie prime

 बाजना के भडानकलां में शिवलिंग उखाडा,गरबे नहीं करने की दी धमकी (देखें लाइव विडीयो)

 

 

रतलाम,11अक्टूबर(इ खबरटुडे)। जिले के बाजना उपखण्ड में आज हथियारों के बल पर एक शिवलिंग उखाडकर ले जाने और गांव में गरबे नहीं किए जाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। गांव में स्थापित शिवलिंग को उखाडने वालों ने गरबे का आयोजन करने वाले लोगों को गरबे नहीं करने की धमकी भी दी। इस मामले में अब तक कोई प्रकरण भी दर्ज नहीं हुआ है। 

विश्वसनीय सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बाजना उपखण्ड के बाकी और भडानकलां गावों की सीमा पर एक शिवमन्दिर स्थित है। इस शिवमन्दिर पर नवरात्रि के उपलक्ष्य में आज दोपहर को नवदुर्गा की जोत स्थापित की गई थी और गरबा आयोजन के लिए पाण्डाल लगाया जा रहा था। दोपहर करीब तीन बजे अचानक हिन्दू विरोधी मानसिकता वाले  कुछ हथियारबन्द व्यक्ति यहां पंहुचे और उन्होने गेती की मदद से शिवलिंग उखाड लिया।  इ खबरटुडे को मिले विडीयो क्लिपिंग में एक व्यक्ति शिवलिंग को ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है,वहीं उसके साथ चल रहे दूसरे व्यक्ति के हाथ में धारदार हथियार भी नजर आ रहा है।

गांव में नवदुर्गा की जोत स्थापित कर गरबा कराने वाले व्यक्तियों ने शिवलिंग को उखाडकर ले जाने वालों का विरोध भी किया,लेकिन वे नहीं माने। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिवलिंग उखाड कर ले जाने वाले आरोपियों को बुलाकर शिवलिंग को फिर से स्थापित करवाया। हांलाकि इस गंभीर मामले को पुलिस पूरी तरह दबाने का प्रयास कर रही है। इस मामले में अब तक कोई एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है।

बाजना थाना प्रभारी रवीन्द्र दंतोडिया ने इ खबरटुडे को बताया कि गांव के ही लोगों में आपसी विवाद था,जिसे सुलझा लिया गया है और शिवलिंग भी स्थापित कर दिया गया है। थाना प्रभारी के मुताबिक गरबे का विरोध भी अब नहीं किया जा रहा है और इस स्थान पर अब गरबे आयोजित किए जाएंगे।