रतलाम / ट्रक चालकों पर जानलेवा हमला करने वाले एक नाबालिग सहित सात आरोपी गिरफ्तार, घटना में हुई थी एक की मौत
रतलाम,21 मार्च(इ खबर टुडे)। बिलपांक थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिलपांक फंटे पर ट्रक चालकों के साथ हुई मारपीट और हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल एक ट्रक चालक की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है, जबकि दूसरा घायल उपचाराधीन है।
उल्लेखनीय है की घटना 19 मार्च की है। पुलिस के अनुसार, दो भाई जो ट्रक चालक हैं, अपने-अपने ट्रकों से यात्रा कर रहे थे। रात के समय बिलपांक फंटे के पास चाय पीते समय कुछ स्थानीय युवकों के साथ उनका मामूली बात पर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी, लोहे की टॉमी और लात-घूंसों से दोनों भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए रतलाम के मेडिकल कॉलेज (GMC) भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान एक घायल की मौत हो गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया। एसडीओपी (ग्रामीण) किशोर पाटनवाला और बिलपांक थाना प्रभारी अय्युब खान के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 143/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 109(1), और 191(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने ग्राम चिकलिया निवासी रोहित (19 वर्ष) पिता रामेश्वर निनामा, रामेश्वर (45 वर्ष) पिता शोभाराम निनामा, जगदीश (38 वर्ष) पिता शोभाराम निनामा, कन्हैयालाल (26 वर्ष) पिता रामेश्वर निनामा, तुलसीराम (28 वर्ष) पिता धुलजी कटिजा, भूरा (32 वर्ष) पिता मढिया भाभर और एक बाल अपचारी गिरफ्तार किया। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी भरत पिता शोभाराम निनामा फिलहाल घायल होने के कारण अस्पताल में उपचाराधीन है, जिसकी गिरफ्तारी शेष है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल 03 मोटरसाइकिलें, 02 लोहे की टॉमी और एक तार वाला लट्ठ भी बरामद किया है।
टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अय्युब खान, उप निरीक्षक सुरेश गोयल, प्रधान आरक्षक ईश्वर सिंह, आरक्षक रोशन राठौर, अमित यादव और रणवीर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

