Movie prime

 रतलाम / 24 घंटे में चोरी का सनसनीखेज खुलासा, पड़ोसी ही निकला चोर

 5.75 लाख का मशरूका (सोना-चांदी व नकदी) बरामद, आरोपी गिरफ्तार
 
 छत की चद्दर हटाकर सूने घर में घुसा था चोर
 

रतलाम,10 जून (इ खबर टुडे)। रतलाम जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने और अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के कड़े निर्देशों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के कुशल मार्गदर्शन में पिपलोदा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपी को दबोचा, बल्कि शत-प्रतिशत चोरी गया माल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 8 जून की रात 6:00 बजे से 9 जून की सुबह 6:00 बजे के बीच की है। झाला नगर (पिपलोदा) की रहने वाली फरियादिया श्रीमती इतरीबाई के सूने घर को निशाना बनाते हुए एक अज्ञात चोर ने छत के ऊपर से चद्दर हटाई और घर के भीतर दाखिल हो गया। चोर घर के अंदर रखी लोहे की पेटी, नकदी और भारी मात्रा में चांदी के जेवरात समेटकर रफूचक्कर हो गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पड़ोसी का पर्दाफाश
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पिपलोदा निरीक्षक रमेश कोली के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। पुलिस ने अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। संदेह के आधार पर जब पुलिस ने फरियादिया के घर के पास ही रहने वाले 23 वर्षीय जितेन्द्र पिता कारूलाल बागरी को शासकीय अस्पताल पिपलोदा के सामने से हिरासत में लिया और मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की, तो सारा सच सामने आ गया।

पड़ोस में रहने वाले जितेन्द्र ने ही इस चोरी को अंजाम दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शत-प्रतिशत मशरूका बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चांदी के आभूषण (कुल वजन - 1 किलो 911 ग्राम), पैर के चांदी के कड़े – 02 जोड़ी (04 नग), गले की चांदी की दोयड़ी – 01 नग, चांदी की चूड़ी – 01 जोड़ी (02 नग), हाथ का चांदी का कड़ा – 01 नग, गले की चांदी की साकली – 01 नग, एक पुरानी लोहे की पेटी और नकदी राशि 75,000/- नकदी कुल 5,75,000 का मशरूका बरामद किया है। मात्र 24 घंटे में अंधी चोरी का पर्दाफाश करने वाली इस टीम में शामिल जांबाज पुलिसकर्मियों की पुलिस अधीक्षक द्वारा सराहना की गई है:

सराहनीय भूमिका
निरीक्षक रमेश कोली थाना प्रभारी पिपलोदा, उपनिरीक्षक रूपसिंह शक्तावत, सहायक उपनिरीक्षक नीलिमा प्रभा, आरक्षक अभय चौहान, आरक्षक विजयपाल सिंह और आरक्षक प्रेम मीणा की सराहनीय भूमिका रही।