हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का 3 घंटे में खुलासा, माणकचौक पुलिस ने तीनों आरोपियों को दबोचा
रतलाम, 30 मई(इ खबर टुडे) । शहर के माणकचौक थाना क्षेत्र में हुई हत्या के प्रयास की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 29 मई 2026 को फरियादी युवराजसिंह चौहान पर फूलमंडी क्षेत्र स्थित हरमाला, अशोक नगर में तीन आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया था। घटना के बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना माणकचौक में अपराध क्रमांक 262/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण कायम किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार (भा.पु.से.) ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तीन घंटे में धराए आरोपी
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी जानकारी, मुखबिर तंत्र और सघन तलाशी अभियान के माध्यम से हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को मात्र तीन घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में मेहबूब पिता मुख्तियार हुसैन (32 वर्ष) निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम,रईस पिता मुख्तियार हुसैन (37 वर्ष) निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम और सद्दाम पिता मुख्तियार हुसैन (34 वर्ष) निवासी ग्रीन सिटी, अशोक नगर, रतलाम शामिल हैं।
वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, थाना प्रभारी दीनदयाल नगर उपनिरीक्षक अनुराग यादव, उपनिरीक्षक राकेश मेहरा, उपनिरीक्षक अंगदप्रताप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक आशीष मांगरिया, प्रधान आरक्षक राजसिंह, दीपक बोरासी, राजेश मईड़ा, आरक्षक अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, जीवन यादव, चंदर मार्को, वीरेन्द्र बारोड़ एवं महिला आरक्षक प्रवीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में गंभीर अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

