रतलाम में 40 लाख की सनसनीखेज लूट: शराब ठेके की कमाई या 'हुंडी' का नेटवर्क? पुलिस जांच में उलझा मामला
रतलाम,01 जुलाई (इ खबर टुडे। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर सराय इलाके में सोमवार दोपहर हुई 40 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस की तफ्तीश अब एक नए और चौंकाने वाले मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस इस बात की गहराई से पड़ताल कर रही है कि लूटी गई यह बड़ी रकम वाकई शराब दुकान के वीकेंड कलेक्शन की थी या फिर इसके तार 'हुंडी' (अवैध वित्तीय लेनदेन) के समानांतर कारोबार से जुड़े हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (29 जून) दोपहर करीब 3:00 से 3:05 बजे के बीच की है। फरियादी मनीष पटवा निवासी शहर सराय ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनके मित्र गौरव शर्मा (मेसर्स गौरव शर्मा फर्म के मालिक, शराब ठेकेदार) ने बैंक अवकाश होने के कारण 26 जून से 28 जून तक का शराब बिक्री का कलेक्शन (करीब 40 लाख रुपये) सुरक्षित रखने के लिए उनके पास भिजवाया था। मनीष पटवा के कर्मचारी फरदीन और उसके पिता फिरोज जब इस मोटी रकम को काले रंग के बैग में भरकर घर के ऊपर ला रहे थे, तभी ब्लिंकइटी (Blinkit) कंपनी की वेषभूषा में मुंह पर कपड़ा बांधे एक अज्ञात बदमाश आया। उसने कट्टे की नोंक पर और जान से मारने की धमकी देकर पैसों से भरा बैग लूट लिया और बाहर स्कूटी लेकर तैयार खड़े अपने साथी के साथ गायत्री टॉकीज की तरफ फरार हो गया।
संदेह के घेरे में हुंडी कारोबार और पुराना आईटी छापा
लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में एक नया एंगल सामने आया है। सूत्रों के मुताबिक, फरियादी मनीष पटवा क्षेत्र में हुंडी के बड़े कारोबार में काफी सक्रिय माने जाते हैं। गौरतलब है कि पिछले वर्ष मनीष पटवा के निवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर आयकर विभाग (Income Tax) की बड़ी छापेमारी भी हुई थी। यही कारण है कि पुलिस केवल शराब ठेके की थ्योरी पर निर्भर न रहकर, हुंडी नेटवर्क और हवाला के एंगल को भी खंगाल रही है कि कहीं यह पैसा हुंडी के मार्फत तो नहीं आया था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
स्टेशन रोड पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 309(4) [लूट] और 351(3) [जान से मारने की धमकी] के तहत अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की कमान उप-निरीक्षक जितेंद्र सिंह कानेश को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना
जांच अधिकारियों का कहना है कि शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े 40 लाख रुपये की लूट बेहद गंभीर मामला है। आरोपियों की धरपकड़ के लिए क्षेत्र के सभी सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं, इतनी बड़ी नगदी के वास्तविक स्रोत (Source of Cash) की पुष्टि के लिए शराब फर्म के खातों, बैंक स्टेटमेंट और फरियादी के वित्तीय लेन-देन के रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

