Movie prime

 रतलाम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.70 करोड़ का मशरूका ज़ब्त, 2.495 किलो MD ड्रग्स के साथ क्रेटा कार बरामद

 

 

रतलाम,25अगस्त(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कालूखेड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक हुंडई क्रेटा कार से 2 किलो 495 ग्राम अवैध MD ड्रग्स ज़ब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ज़ब्त MD ड्रग्स की कीमत लगभग 2.50 करोड़ आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही 20 लाख कीमत की कार समेत पुलिस ने कुल 2.70 करोड़ का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ​मावता चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दिनेश राठौर को मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि आरोपी लखन मीणा अपने तीन साथियों के साथ काले रंग की हुंडई क्रेटा कार (RJ 27 CP 3608) में भारी मात्रा में MD ड्रग्स लेकर बेहपुर-मंदसौर की तरफ से रियावन की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रानीगांव फंटे पर घेराबंदी की।

​तेज रफ्तार क्रेटा कार को जब पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने गाड़ी भगा दी। पुलिस टीम द्वारा पीछा करने पर आरोपी कार को बिलंदपुर-चिपिया के कच्चे रास्ते पर ले गए और उबड़-खाबड़ जंगल क्षेत्र में वाहन छोड़कर झाड़ियों व अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

​कार की तलाशी में मिली ड्रग्स की खेप
​पुलिस ने पंचों की मौजूदगी में लावारिस हालत में मिली कार की तलाशी ली। ड्राइवर सीट के नीचे एक हरे रंग की कपड़े की थैली में तीन पारदर्शी पैकेट मिले, जिनमें हल्के भूरे रंग का क्रिस्टलनुमा पदार्थ भरा था। जांच में इसकी पुष्टि MD ड्रग्स के रूप में हुई। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तोलने पर कुल वजन 2.495 किलोग्राम निकला।

​NDPS एक्ट में मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
​पुलिस ने मुख्य आरोपी लखन पिता भेरुलाल मीणा (निवासी भाकरखेड़ी), कार चालक और दो अन्य अज्ञात साथियों के खिलाफ धारा 8/22 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। साथ ही ड्रग्स के सप्लायर और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पड़ताल जारी है।

​इस पूरी कार्रवाई में कालूखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक शंकरसिंह चौहान, चौकी प्रभारी दिनेश राठौर सहित मावता पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।