रतलाम में सकल हिन्दू समाज की बैठक संपन्न: आगामी आयोजन के लिए अखाड़ों और झांकियों का रूट तय, अनुशासन और समन्वय पर बना ध्यान
रतलाम,12 सितंबर(इ खबर टुडे)। आगामी वृहद् आयोजन की तैयारियों को लेकर सकल हिन्दू समाज के तत्वावधान में रतलाम शहर के समस्त अखाड़ों एवं स्वागत मंचों के पदाधिकारियों की एक सामूहिक बैठक नारायणी पैलेस में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में बड़ी संख्या में अखाड़ा प्रमुखों, स्वागत मंच के संचालकों एवं समाजजन ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आयोजन को अनुशासित, व्यवस्थित और भव्य बनाना रहा। सभी अखाड़ों एवं झांकियों के सुगम संचालन हेतु सर्वसम्मति से एक निश्चित मार्ग (रूट) का निर्धारण किया गया। निर्णय लिया गया कि सभी अखाड़े अपनी सुविधा अनुसार समीपस्थ स्थान से प्रवेश करेंगे और तय किए गए रूट पर ही आगे बढ़ेंगे।
अखाड़ों और झांकियों का दो बत्ती, लोकेंद्र टॉकीज, शहर सराय, रानीजी का मंदिर, गणेश देवरी, तोपखाना, चांदनी चौक, चौमुखी पुल, घास बाजार, खेरादी वास, डालू मोदी बाजार, नाहरपुरा, कॉलेज रोड निर्धारित मार्ग रहेगा।
शहरभर में सजेंगे भव्य स्वागत मंच
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि अखाड़ा बंधुओं एवं झांकियों के उत्साहवर्धन के लिए इस वर्ष शहर में रिकॉर्ड संख्या में स्वागत मंच स्थापित किए जाएंगे।
सकल हिन्दू समाज के प्रतिनिधियों ने बैठक में पधारे सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसी समन्वय और अनुशासन के साथ यह आयोजन शहर में भव्यता और सौहार्द का नया उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

