रतलाम / अवैध शराब की सही सूचना देने पर मिलेगा इनाम, राशन वितरण में लापरवाही पर DSO पर भी होगी कार्रवाई
रतलाम,07 सितंबर(इ खबर टुडे)। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को कलेक्टर अजय कटेसरिया की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतर-विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने, जनहितकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और विकास कार्यों में तेजी लाने के संबंध में सख्त निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आबकारी विभाग और नगरीय निकायों को अवैध व नकली शराब पर रोक लगाने के लिए मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने को कहा। उन्होंने घोषणा की कि नकली शराब के संबंध में सही सूचना देने वाले नागरिक को पुरस्कृत किया जाएगा। आबकारी अधिकारियों को जन-शिकायतों का त्वरित समाधान करने और वर्ष 2021 की नामली घटना जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुस्तैद रहने की ताकीद की।
राशन वितरण में गड़बड़ी पर अधिकारी होंगे जिम्मेदार
खाद्यान्न वितरण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि राशन दुकानों पर कम अनाज देने या दो माह के अंगूठे लगवाकर एक माह का राशन देने जैसी धांधली बर्दाश्त नहीं होगी। सैलाना, बाजना व रतलाम ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत वितरण के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर सेल्समैन के साथ-साथ जिला आपूर्ति अधिकारी (DSO) की भी सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।
स्वास्थ्य भवनों का निर्माण 15 दिन में शुरू करने के निर्देश
स्वास्थ्य अधोसंरचना को प्राथमिकता देते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन स्वीकृत अस्पताल व स्वास्थ्य भवनों का कार्य रुका है, उनका निर्माण आगामी 15 दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से शुरू कराया जाए। इसके अलावा शिवगढ़ तहसील कार्यालय को तत्काल नए भवन में शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।
वन अधिकार कानून पर जागरूकता फैलाएं
वन अधिकार अधिनियम 2006 की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 2005 के पूर्व काबिज पात्र दावेदारों के दावों का पुनः परीक्षण पारदर्शी तरीके से किया जाए। उन्होंने पंचायतों में प्रचार-प्रसार के जरिए यह भ्रांति दूर करने को कहा कि केवल नया कब्जा करने से पट्टा मिल जाता है।
तेज आवाज वाले लाउडस्पीकरों पर होगी कार्रवाई
बैठक में ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए सभी एसडीएम को कार्ययोजना बनाकर निर्धारित डेसिबल सीमा से अधिक बजने वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

