Movie prime

 39 वर्षों की उत्कृष्ट शासकीय सेवा पूर्ण होने पर नरेंद्र पाढांरकर का सेवानिवृत्ति सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित

 
 

रतलाम,01 मई (इ खबर टुडे)। जिला पंचायत रतलाम में आयोजित गरिमामयी समारोह में नरेंद्र पाढांरकर के अधिवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने पर सेवानिवृत्ति सम्मान एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत परिवार, भारतीय मजदूर संघ पदाधिकारी, महाराष्ट्र समाज पदाधिकारी, राज्य कर्मचारी संघ पदाधिकारी, परिवारजन एवं अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह में मुख्य अतिथि जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन ने श्री पाढांरकर के सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि “शासकीय सेवा में ईमानदारी, अनुशासन एवं समर्पण के साथ कार्य करना ही व्यक्ति की सबसे बड़ी पहचान होती है। श्री नरेंद्र पाढांरकर ने अपने उत्कृष्ट कार्यों एवं व्यवहार से सभी के बीच विशेष स्थान बनाया है।”

एडिशनल सीईओ निर्देशक शर्मा ने कहा कि “सेवानिवृत्ति सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। श्री पाढांरकर का कार्यकाल सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।” परियोजना अधिकारी सुजीत मालवीय, महेश चौबे एवं जोएल कटारा सहित अन्य वक्ताओं ने भी उनके सरल व्यक्तित्व, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवाभाव की प्रशंसा करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर नरेंद्र पाढांरकर का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। समारोह के दौरान साथियों एवं अतिथियों ने पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय द्वारा किया गया। संचालन के दौरान उन्होंने श्री पाढांरकर के सेवाकाल एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “उन्होंने सदैव जिम्मेदारी, ईमानदारी एवं सौम्यता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो सभी के लिए प्रेरणादायी है।”

सेवानिवृत्ति अवसर पर प्रस्तुत परिचय पत्र में बताया गया कि नरेंद्र पाढांरकर का जन्म दिनांक 05 अप्रैल 1964 को रतलाम में हुआ। उन्होंने बी.कॉम. एवं एम.कॉम. की शिक्षा प्राप्त की। उनकी प्रथम नियुक्ति वर्ष 1987-88 में नगर निगम रतलाम में हुई। वर्ष 1989 में रोजगार कार्यालय के माध्यम से कलेक्टोरेट रतलाम की निर्वाचन शाखा में लिपिक पद पर कार्य किया। इसके पश्चात वर्ष 1990 से 30 अप्रैल 2026 तक जिला पंचायत (डी.आर.डी.ए.) रतलाम में निरंतर सेवाएं प्रदान कीं। इस प्रकार उन्होंने लगभग 39 वर्षों तक निष्ठापूर्वक शासकीय सेवा संपादित की।

पारिवारिक परिचय में बताया गया कि उनके पिता स्वर्गीय गणेश पाढांरकर उच्च श्रेणी शिक्षक के पद से ग्राम धोसवास से वर्ष 1992 में सेवानिवृत्त हुए थे तथा माताजी स्वर्गीय श्रीमती कुसुम पाढांरकर गृहिणी थीं। अपने उद्बोधन में नरेंद्र पाढांरकर ने सभी अधिकारियों, सहकर्मियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवाकाल के दौरान उन्हें सभी का स्नेह, सहयोग एवं आत्मीयता प्राप्त हुई, जिसे वे सदैव स्मरण रखेंगे। अंत में उपस्थितजनों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।