Movie prime

अर्जुन नगर में अव्यवस्थाओं से नाराज़ रहवासियों ने किया चक्काजाम,  विधायक और महापौर के खिलाफ लगाये मुर्दाबाद के नारे 

 

रतलाम, 11 जुलाई (ई खबर टुडे)। शहर के वार्ड क्रमांक 28 स्थित अर्जुन नगर के रहवासियों ने शनिवार सुबह क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और भाजपा पार्षद प्रतिनिधि के कथित तानाशाही रवैये के विरोध में मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया और नगर निगम से शीघ्र समाधान की मांग की।

रहवासियों का आरोप है कि क्षेत्र की कई सड़कें पिछले कई महीनों से पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कार्य के बाद बदहाल स्थिति में हैं। जगह-जगह गड्ढे होने से आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। वहीं अधिकांश गलियों की स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हैं, जिससे बारिश के मौसम में जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है और रात के समय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर भाजपा पार्षद प्रतिनिधि रमेश पंचाल से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समाधान के बजाय उन्हें यह कहकर टाल दिया जाता है कि सड़क पर गड्ढे नगर निगम के ठेकेदारों ने किए हैं और उन्हें ठीक कराना उनका काम नहीं है। रहवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि पर समस्याओं के प्रति उदासीन और तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया।

क्षेत्रवासियों के अनुसार अर्जुन नगर में सफाई व्यवस्था भी पूरी तरह चरमराई हुई है। अधिकांश नालियां और नाले जाम पड़े हैं, जिसके कारण हल्की बारिश में ही पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर भर जाता है। नियमित सफाई नहीं होने से जलभराव की समस्या आम हो गई है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।


आक्रोश बढ़ता देख पार्षद प्रतिनिधि रमेश पांचाल मौके पर पहुंचे और क्षेत्रवासियो से द्वारा लगाये गए आरोपों पर लीपापोती करते दिखाई दिये। आक्रोश बढ़ता देख क्षेत्री चौकी से पुलिस बल को बुलाया गया। 

फैक्ट्रियों के अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी
रहवासियों ने बताया कि दिलीप नगर क्षेत्र में संचालित कबाड़ एवं दोना-पत्तल फैक्ट्रियों द्वारा कई सड़कों पर कथित रूप से अतिक्रमण कर रखा गया है। इससे न केवल आवागमन प्रभावित हो रहा है, बल्कि पानी की निकासी भी बाधित हो रही है। परिणामस्वरूप क्षेत्र में गंदा पानी जमा रहता है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

सफाई व्यवस्था पर भी उठे सवाल

स्थानीय लोगों का दावा है कि क्षेत्र की सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम ने करीब 12 से 15 सफाई कर्मियों की नियुक्ति कर रखी है, लेकिन वर्षों से अधिकांश कर्मचारी केवल उपस्थिति दर्ज कर लौट जाते हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पार्षद, सफाई दरोगा और सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों की लापरवाही के कारण वार्ड की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।

प्रदर्शन के दौरान रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क, सफाई, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी तथा अतिक्रमण जैसी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

प्रर्दशन के दौरान क्षेत्र के कांग्रेस नेता युसूफ मंसूरी,विक्री प्रजापत , क्षेत्रवासी अकरम पठान ,भय्यू भाई ,जावेद खान ,बब्लू राठौड़  ,बाबूलाल प्रजापत , राजू , तय्यब खान ,पवन राव ,संतोष ,रफ़ीक समेत कई लोग मौजूद थे।