रतलाम / हॉस्टल में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत से हंगामा, रतलाम मार्ग पर चक्काजाम; मैडम पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग
रतलाम,15 सितंबर(इ खबर टुडे)। जिले के सैलाना स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय (EMRS) में मंगलवार को 12वीं कक्षा की आदिवासी छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद भारी हंगामा खड़ा हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित छात्राओं, परिजनों और आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार के सामने सैलाना-रतलाम मार्ग पर धरना देकर चक्काजाम कर दिया।
मृतक छात्रा की पहचान देवास जिले के मेवाड़ पंथ निवासी वर्षा (पिता टीकाराम सोलंकी) के रूप में हुई है, जो विद्यालय में कक्षा 12वीं (क रतलाम ला संकाय) की छात्रा थी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह परीक्षा के दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षिका प्रीति मैडम ने छात्रा के पास नकल की पर्ची पकड़ी थी और उसकी उत्तर पुस्तिका जब्त कर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद से ही छात्रा गंभीर मानसिक तनाव में थी, जिसके बाद हॉस्टल में उसकी मौत की खबर सामने आई।
सड़क पर बैठे छात्र, पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने से रोका
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों छात्र-छात्राएं और समाजजन सड़क पर उतर आए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांगें है कि दोषी शिक्षिका (प्रीति मैडम) का तत्काल इस्तीफा, हॉस्टल वार्डन और प्राचार्य को पद से हटाया जाए।
पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा।
सैलाना एसडीएम और तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और कुछ मांगें मानने का आश्वासन भी दिया, लेकिन आक्रोशित छात्र शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाने से रोकते रहे। इसके चलते मार्ग पर लंबे समय तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
जांच में जुटा पुलिस प्रशासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और निष्पक्ष जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

