ऑनलाइन व नकली दवाओं के विरोध में रतलाम के दवा बाजार बंद, केमिस्टों ने फूंका पुतला
रतलाम,20 मई(इ खबर टुडे)। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट (AIOCD) एवं मध्य प्रदेश केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन (MPCDA) के देशव्यापी आह्वान पर बुधवार, 20 मई को रतलाम जिले के समस्त दवा व्यवसायियों ने अपनी दुकानें पूर्णतः बंद रखकर एक दिवसीय हड़ताल रखी। रतलाम जिला केमिस्ट एन्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में केमिस्टों ने न सिर्फ व्यापार बंद रखा, बल्कि सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन भी किया।
एसोसिएशन के आह्वान पर जिलेभर के केमिस्ट साथी शासकीय चिकित्सालय (जिला अस्पताल) के मुख्य गेट के सामने, कॉलेज रोड पर एकत्रित हुए। यहाँ से सभी व्यवसायी ऑनलाइन दवाओं की बिक्री, नकली दवाओं के कारोबार, नशे की दवाओं के अवैध व्यापार और बड़ी कंपनियों द्वारा भारी डिस्काउंट देकर छोटे व्यापारियों को खत्म करने की साजिश के विरोध में नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। पैदल मार्च करते हुए सभी प्रदर्शनकारी डालू मोदी बाजार चौराहे पहुंचे।
चौराहे पर फूंका पुतला
डालू मोदी बाजार चौराहे पर केमिस्टों ने विरोध स्वरूप 'ऑनलाइन और नकली दवा' के पुतले का दहन किया। इस दौरान व्यापार विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर आक्रोश व्यक्त किया गया।
जनता से मांगी क्षमा, बताया भविष्य के लिए जरूरी कदम
रतलाम जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील मूणत एवं सचिव राजेश कोठारी ने बंद को शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए जिले के सभी केमिस्ट साथियों का आभार व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने हड़ताल के कारण आम जनता को हुई असुविधा के लिए क्षमा मांगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ व्यापारियों की नहीं, बल्कि जनता के हित की भी है। यह हड़ताल आम जनता को सही मूल्य पर सुरक्षित व असली दवाई दिलाने और आने वाली युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से दूर रखने में बेहद सहायक सिद्ध होगी।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
संस्था के अभिषेक लोढ़ा ने बताया कि इस आंदोलन और पुतला दहन कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में केमिस्ट साथी शामिल हुए। आयोजन में मुख्य रूप से महेंद्र कोठारी, राजेश माहेश्वरी, कमलेश कोठारी, रजनीश गोयल, लोकेश पुरोहित, सुनील गांधी, प्रवीण गांधी, अर्जुन राठौड़, कपिल पोरवाल, रोहित चौधरी, गौरव मूणत, सौरभ बोथरा, सचिन जैन, राजेश गुगलिया, अमित राठौड़, हर्ष वर्धन मूणत, सचिन जैन, शीतल सकलेचा, महावीर जैन, गुरविंदर सिंह, कमल मंडवारिया, अनुरूप सोमानी, अजय कोठारी, मोहित मूणत, अतुल शर्मा, रूपेश देवड़ा, लोकेश धबाई, महावीर मालवी, गौरव सोनी, अंशुल पवार, सिद्धार्थ गांधी, सुरेंद्र भटेवरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य केमिस्ट जन उपस्थित थे।

