नशे के सौदागर पर रतलाम पुलिस का एक और शिकंजा, 2.80 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
रतलाम, 24 नवंबर (इ खबर टुडे)। मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोडाचूरा तस्कर की 2.80 करोड़ की संपत्ति फ्रीज कराई है। थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा से जुड़े इस मामले में मुंबई स्थित सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (सफेमा/NDPSA) ने 23 नवंबर को संपत्ति फ्रीज करने की पुष्टि कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा में दर्ज 252 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा (पोस्त भूसा) तस्करी के मामले में आरोपी आदिल खान पिता आबिद खान, निवासी महावीर कॉलोनी, तहसील पिपलौदा (जिला रतलाम) की अवैध संपत्तियों को फ्रीज करने की प्रक्रिया की गई थी। एसपी अमित कुमार के निर्देशन और एएसपी विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(2) एवं SAFEMA के तहत की गई इस कार्रवाई पर वित्त मंत्रालय के राजस्व विभाग (सफेमा/NDPSA, मुंबई) से स्वीकृति मिल गई है।
फ्रीज की गई संपत्तियों का में कृषि भूमि सर्वे क्रमांक 63/1/1/2 (रकबा 0.215 हेक्टेयर) — अनुमानित कीमत 60 लाख, व्यावसायिक भूमि (छह खंड): सर्वे क्रमांक 261/1 (0.096 हे.), 261/2 (0.02 हे.), 262/4 (0.025 हे.), 262/5 (0.026 हे.), 264/1 (0.312 हे.) एवं 264/2 (0.0040 हे.) — कुल कीमत 2 करोड़, व्यावसायिक भूमि सर्वे क्रमांक 264 — कीमत 20 लाख शामिल है।
फ्रीज की गई इन संपत्तियों का कुल मूल्य 2,80,00,000 (दो करोड़ अस्सी लाख रुपये) आंका गया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सुमित मिश्रा (थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र जावरा), सउनि दिनेश चंद्र नागर, प्रआर मनीषा पाटीदार, आर सुनीता जाट और आर योगेश राठौर की भूमिका रही।
अब तक 136.51 करोड़ के प्रकरण भेजे गए
पुलिस के मुताबिक, नशे के कारोबार से अर्जित काली कमाई के आर्थिक आधार को तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। अभियान के तहत रतलाम पुलिस अब तक 136 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज कराने के प्रकरण SAFEMA कोर्ट भेज चुकी है, जिनमें से लगभग 50 करोड़ 94 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल अन्य आरोपियों को चिह्नित कर उनकी संपत्तियों पर भी आगे इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

