Movie prime

 

दीपावली पर रतलाम पुलिस का विशेष यातायात व पार्किंग प्लान जारी, मुख्य बाजारों में चार पहिया व ऑटो रिक्शा प्रतिबंधित

एसपी अमित कुमार ने शहर के व्यस्त मार्गों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

11 नवंबर तक प्रभावी रहेगा रूट डायवर्जन और नो-व्हीकल जोन

​​​​​​​रतलाम, 03  नवंबर(इ खबर टुडे)।  आगामी दीपावली त्योहार के दृष्टिगत शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव को नियंत्रित करने तथा आमजन की सुविधा के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार ने शहर की यातायात व्यवस्था का स्थल निरीक्षण कर जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में प्रभावी प्रबंधन और नागरिकों के सुगम आवागमन को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएसपी ट्रैफिक आनंद सोनी, थाना प्रभारी यातायात रक्षित निरीक्षक हेमंत पाटीदार सहित यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।

​त्योहारी सीजन में खरीदारी के लिए जुटने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष रूट डायवर्जन, नो-व्हीकल जोन और पार्किंग प्लान तैयार किया है, जो 11 नवंबर तक प्रभावी रहेगा।

​इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
​बाजारों में जाम की स्थिति से निपटने के लिए निम्न मार्गों पर लोडिंग वाहन, चार पहिया वाहन, ऑटो रिक्शा, मैजिक और ई-रिक्शा का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। ​गणेश देवरी से डालूमोदी बाजार एवं नोलाईपुरा की ओर, ​डालूमोदी से गणेश देवरी एवं घास बाजार की ओर, ​चौमुखी पुल से गणेश देवरी की ओर, ​घास बाजार से डालूमोदी की ओर।

​भारी वाहनों के प्रवेश का समय तय
​11 नवंबर तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश केवल रात्रि 12 बजे से सुबह 9 बजे तक ही हो सकेगा। ​नवकार नमकीन से सुभाषनगर तिराहा, हाट की चौकी एवं आबकारी तिराहा तक सुबह 9 बजे से रात्रि 12 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।

​इन क्षेत्रों को घोषित किया गया 'नो व्हीकल जोन'
​हमदर्द मेडिकल से लक्ष्मीजी का मंदिर, माणकचौक थाना एवं नोलाईपुरा तक।
​जमनालाल स्वीट्स से माणकचौक चौराहा, साहूबावड़ी, घास बाजार एवं भुट्टा बाजार गली तक।
​यहां रहेगी वाहनों की पार्किंग व्यवस्था

माणकचौक के दुकानदारों के लिए: माणकचौक थाना के सामने स्थित शासकीय हाईस्कूल।

​दो पहिया वाहनों के लिए: धनजीबाई का नोहरा, आजाद चौक (चांदनी चौक), डॉ. देवीसिंह की गली, चौड़ावास (रामगढ़), गौशाला रोड (60 घर का नोहरा) और पुरानी फूल मंडी।

​दो पहिया व चार पहिया वाहनों के लिए: ईदगाह के पास सुतारों का वास और अमृतसागर तालाब का किनारा।

​समस्त प्रकार के वाहनों के लिए

जैन स्कूल और महालक्ष्मी परिसर (पुरानी किरण टॉकीज)।
​राम मंदिर बाजार के खरीदारों के लिए: सज्जन मिल परिसर।

​पुलिस की अपील: निर्धारित स्थलों पर ही पार्क करें वाहन
​रतलाम पुलिस ने नागरिकों एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। असुविधा से बचने के लिए मुख्य बाजारों में चार पहिया वाहन लेकर न जाएं और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। सड़क पर यातायात बाधित करने वाले वाहनों पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, वाहन चलाते समय हेलमेट व सीट बेल्ट लगाने, नशे में वाहन न चलाने और मोबाइल फोन का उपयोग न करने का आग्रह किया गया है।