रतलाम पुलिस की नशे के विरुद्ध कार्रवाई: जावरा में एमडी ड्रग्स के साथ तीन युवक गिरफ्तार
रतलाम,03 मई (इ खबर टुडे)। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। जावरा शहर पुलिस ने घेराबंदी कर 15.30 ग्राम अवैध मादक पदार्थ 'एमडी ड्रग्स' के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त नशीले पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 30,000 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल व नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई की टीम लगातार सक्रिय है। थाने में पदस्थ स.उ.नि. सगीर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि सेमलिया वाली मस्जिद के पीछे इमामबाड़े के पास एक संदिग्ध व्यक्ति नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहा है।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी वाहीद (27) पिता नाहिद पठान, निवासी खान साहब की गली, पिपली बाजार जावरा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 15.30 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।
पूछताछ और आरोपी के मेमो के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह के दो अन्य सदस्य आरिफ 24 पिता रईस पठान, निवासी अकब बिजली घर के पीछे जावरा, फरहान 19 पिता अकरम कुरैशी निवासी कड़ाचपुरपा तालनाका, जावरा को भी गिरफ्तार किया।
पूर्व में भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। थाना जावरा शहर में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत अपराध क्रमांक 150/2026 पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह ड्रग्स कहाँ से लाई गई थी और शहर में किन-किन लोगों को बेची जानी थी।
सराहनीय भूमिका
तस्करी के आरोपियों को गिरफ्तार करने में थाना जावरा शहर पुलिस टीम और सायबर सेल की महत्वपूर्ण और सराहनीय भूमिका रही।

