Movie prime

रतलाम एमडी ड्रग्स तस्करी: लंबे समय से फरार चल रहा सराफा व्यापारी अक्षय चपड़ोद गिरफ्तार, भेजा जेल

 

​​​​

​रतलाम,24 अक्टूबर (इ खबर टुडे)। जिले केवजावरा में एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे रतलाम के सराफा व्यापारी अक्षय चपड़ोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जावरा शहर थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर उसे रतलाम के चांदनी चौक क्षेत्र से धर दबोचा। आरोपी को शुक्रवार शाम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।  

​जावरा शहर थाना प्रभारी मनोज कटारिया के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि फरार आरोपी अक्षय चपड़ोद चांदनी चौक क्षेत्र में घूम रहा है और अपने घर पर भी आ-जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया।  

​पुलिस जांच में सामने आया है कि अक्षय मुख्य आरोपी सुनील सूर्या से एमडी ड्रग्स खरीदता था। वह खुद इसका सेवन करने के साथ-साथ इसे आगे बेचने का काम भी करता था।  

​नाकाबंदी के दौरान कार से मिली थी 20 लाख की ड्रग्स
​यह मामला 6 मई 2025 का है, जब जावरा में महू-नीमच हाईवे स्थित पटेल होटल के सामने पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक कार की तलाशी ली थी। तलाशी में कार से 22 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई थी, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई थी। पुलिस ने मौके से ट्रांसपोर्ट व्यवसायी कमलेश जैन और उसके साथी साबिर खान को गिरफ्तार किया था।  

​पूछताछ में खुला था तस्करी का नेटवर्क
​पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया था कि वे रतलाम निवासी सुनील सूर्या के जरिए दलोदा से ड्रग्स मंगवाते थे। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सुनील सूर्या सहित 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसी कड़ी में आरोपी अक्षय चपड़ोद का नाम भी सामने आया था, जो तब से फरार चल रहा था।