Movie prime

रंग-बिरंगी राखियों से सजे रतलाम के बाजार, रक्षाबंधन को लेकर बहनों में भारी उत्साह

 

 

​रतलाम, 27 अगस्त (इ खबर टुडे)। रक्षाबंधन का पर्व नजदीक आते ही रतलाम शहर के बाजारों में खासा उत्साह और रोनक देखने को मिल रही है। शहर के मुख्य व्यापारिक केंद्र रंग-बिरंगी राखियों और मिठाइयों की खुशबू से सराबोर हो चुके हैं।

शहर के माणक चौक, चौमुखी पुल, घास बाजार और दौलत गंज सहित अंदरूनी इलाकों में सुबह से ही बहनों की भारी भीड़ उमड़ रही है। अपने भाइयों की कलाई पर सजाने के लिए बहनें दुकानों पर अपनी-अपनी पसंद की राखियां खरीदती नजर आ रही हैं। पारंपरिक धागों से लेकर आधुनिक और फैंसी राखियों की दुकानों पर ग्राहकों का तांता लगा हुआ है।

​घेवर और मिठाइयों की भारी मांग
राखी के पावन अवसर पर मिष्ठान भंडारों पर भी खासी हलचल है। त्योहार को खास बनाने के लिए बाजारों में तरह-तरह की मिठाइयां सजाई गई हैं। विशेष रूप से घेवर की बिक्री बड़े पैमाने पर हो रही है, जिसे लोग खूब पसंद कर रहे हैं।

​श्रीफल की दुकानों पर भी रौनक
त्योहार पर पूजा-पाठ और शगुन के लिए श्रीफल (नारियल) का विशेष महत्व होता है। बाजारों में जगह-जगह ठेलों और दुकानों पर बड़ी संख्या में विक्रेता श्रीफल बेचते हुए दिखाई दे रहे हैं, जहां खरीदार बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं। ​त्योहार के इस माहौल ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया है और व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी साफ देखी जा सकती है।