ग्राम पंचायतों में बंद विद्युत मीटरों का तेजी से हो रहा प्रतिस्थापन, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था भी होगी सुदृढ़
रतलाम, 13 जुलाई (इ खबर टुडे )। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के कार्यपालन यंत्री एसी ने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए बंद एवं खराब विद्युत मीटरों के प्रतिस्थापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले की ग्राम पंचायतों के विद्युत कनेक्शनों पर कुल 2,854 विद्युत मीटर स्थापित हैं, जिनमें से 1,860 मीटर वर्तमान में क्रियाशील हैं। शेष 994 बंद अथवा खराब मीटरों में से 536 मीटर बदले जा चुके हैं, जबकि शेष मीटरों को बदलने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है। कार्य पूर्ण होने के बाद सभी ग्राम पंचायतों में विद्युत मीटरों की कार्यशीलता सुनिश्चित हो सकेगी।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा स्ट्रीट लाइटों पर आवश्यक स्विच लगाए जा रहे हैं। इससे स्ट्रीट लाइटों का संचालन व्यवस्थित होगा तथा ऊर्जा की बचत के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।

