सिंहस्थ 2028 की तैयारियों का रेलवे एवं उज्जैन जिला प्रशासन ने किया संयुक्त निरीक्षण
रतलाम, 23 अप्रैल(इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा सिंहस्थ 2028 मेले की तैयारियों को लेकर व्यापक एवं सुनियोजित स्तर पर कार्य किया जा रहा है। मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन में राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका को ध्यान में रखते हुए रेलवे और जिला प्रशासन के बीच निरंतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अप्रैल 2026 को रेलवे एवं उज्जैन जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से सिंहस्थ से संबंधित विभिन्न कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रेलवे की ओर से इस निरीक्षण का नेतृत्व अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) अक्षय कुमार ने किया। इस दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी भी उपस्थित रहे। इस संयुक्त निरीक्षण के दौरान महानिरीक्षक एवं प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल चर्चगेट अजॉय सदानी भी शामिल होकर सिंहस्थ – 2028 के अंतर्गत सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित कार्यों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पिंगलेश्वर, पावासा, नई खेड़ी, मोहनपुरा, विक्रमनगर एवं चिंतामण गणेश रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया गया। इन कार्यों में प्लेटफॉर्म विस्तार, कवर शेड निर्माण, फुट ओवर ब्रिज, सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, एप्रोच मार्गों का सुदृढ़ीकरण तथा यात्री प्रतीक्षालय जैसी सुविधाओं का निर्माण शामिल है। इन सभी कार्यों का उद्देश्य सिंहस्थ मेले के दौरान यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
इस संयुक्त निरीक्षण में संभागायुक्त आशीष सिंह, एडीजी राकेश गुप्ता, कलेक्टर रौशन कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा सहित रेलवे एवं स्थानीय प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों ने जिला प्रशासन को सिंहस्थ मेले के दौरान प्रस्तावित ट्रेन संचालन, भीड़ प्रबंधन, यात्री सुविधाओं के विस्तार, प्रवेश एवं निकास मार्गों की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही यह भी अवगत कराया गया कि रेलवे द्वारा निर्धारित समयसीमा में सभी कार्यों को पूर्ण करने हेतु तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। कई परियोजनाओं के टेंडर जारी कर कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं।
अधिकारियों ने सिंहस्थ 2028 के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समन्वित एवं प्रतिबद्ध प्रयासों पर बल दिया। रेलवे एवं जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से चरणबद्ध तरीके से सभी आवश्यक तैयारियों को आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे सिंहस्थ 2028 का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

