भारी बारिश और जलभराव के कारण रतलाम मंडल की रेल सेवाएं प्रभावित, कई ट्रेनें निरस्त तो कुछ के मार्ग बदले
रतलाम, 23 जुलाई (इ खबर टुडे)। पश्चिम रेलवे के मुंबई मंडल अंतर्गत भिलाड-बोरीवली रेल खंड में लगातार हो रही भारी बारिश और पटरियों पर जलभराव के कारण रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इसके असर से रतलाम मंडल होकर गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने 23 जुलाई को चलने वाली कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया है, वहीं कुछ को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया है।
रेलवे द्वारा जारी रतलाम मंडल अपडेट के अनुसार ट्रेन संख्या 12909 (बांद्रा टर्मिनस – हज़रत निज़ामुद्दीन गरीब रथ एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 12953 (मुंबई सेंट्रल – हज़रत निज़ामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 12955 (मुंबई सेंट्रल – जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस), ट्रेन संख्या 22975 (बांद्रा टर्मिनस – रामनगर एक्सप्रेस) 23 जुलाई को आरंभिक स्टेशन से निरस्त रहेगी।
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें
ट्रेन संख्या 22633 (त्रिवेंद्रम – निज़ामुद्दीन एक्सप्रेस): 22 जुलाई को त्रिवेंद्रम से रवाना हुई यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग के बजाय दौंड – जलगांव – पालधी – उधना – सूरत होकर गंतव्य की ओर जाएगी। ट्रेन संख्या 09323 (खड़की – इंदौर स्पेशल): 23 जुलाई को खड़की से प्रस्थान करने वाली यह स्पेशल ट्रेन लोनावला – कर्जत – पनवेल – कल्याण – इगतपुरी – जलगांव – पालधी – सूरत मार्ग से होकर संचालित की जाएगी।
यात्रियों के लिए सलाह: रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की अद्यतन स्थिति (Live Status) जानने के लिए अधिकृत रेलवे पूछताछ नंबर 139 या NTES App पर संपर्क करें।

