Movie prime

ऑपरेशन “सुरक्षा कवच” को जनसहयोग से मिली नई मजबूती: अपराधों का खुलासा करने वाले नागरिक और पुलिस टीम सम्मानित

 
​एसपी अमित कुमार ने नागरिकों को प्रदान किए प्रशस्ति पत्र, आमजन से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की

​रतलाम, 03 जून (इ खबर टुडे)। जिले में अपराध नियंत्रण, प्रभावी निगरानी और अपराधियों की त्वरित धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सुरक्षा कवच” को बड़ी सफलता मिल रही है। जनसहयोग से लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने हाल ही में कई गंभीर और संपत्ति संबंधी अपराधों का पर्दाफाश किया है। इसी क्रम में आज नवीन पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने उन जागरूक नागरिकों और पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया, जिन्होंने अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

​इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरे आधुनिक पुलिसिंग का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाएं ताकि 'ऑपरेशन सुरक्षा कवच' के तहत एक सुरक्षित और अपराधमुक्त समाज का निर्माण किया जा सके।

​12 लाख रुपये की चोरी का पर्दाफाश
औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत हुई लगभग 12 लाख रुपये के आभूषण और नकदी की बड़ी चोरी का खुलासा करने में सुश्री दिव्या जाट के निवास पर लगे सीसीटीवी फुटेज अत्यंत मददगार साबित हुए।

​महिलाओं से लूट के आरोपी गिरफ्तार
माणकचौक एवं रावटी क्षेत्र में महिलाओं से सोने की नथ लूटने वाले आरोपियों को दबोचने में संजय मालवीय (विंध्यवासिनी कॉलोनी), मुकेश मौर्य (बाजना बस स्टैंड) और वीरेंद्र सिंह राठौर (निराला नगर) के प्रतिष्ठानों व घरों पर लगे कैमरों से महत्वपूर्ण सुराग मिले।

​सैलाना ज्वेलर्स चोरी कांड सैलाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की जांच को दिशा देने के लिए सैलाना निवासी प्रशांत मंडोत, संजय कुमावत, लुकमान बुरहान, विशाल कुमावत और श्री यश मेहता को सम्मानित किया गया।

​90 क्विंटल गेहूं चोरी का मामला
बड़ावदा में हुई 90 क्विंटल गेहूं चोरी के आरोपियों को श्री गोलू बोरीवाल के प्रतिष्ठान पर लगे कैमरों की मदद से गिरफ्तार किया गया, जिससे अन्य जिलों की चोरियों का भी खुलासा हुआ।

​सीसीटीवी शाखा की पुलिस टीम भी हुई पुरस्कृत
​तकनीकी विश्लेषण, फुटेज खंगालने और आरोपियों की सटीक ट्रैकिंग करने वाली पुलिस की विशेष सीसीटीवी टीम को भी एसपी द्वारा पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वालों में उपनिरीक्षक राजा तिवारी (सीसीटीवी प्रभारी), ​प्रधान आरक्षक शांतिलाल डिंडोर, ​आरक्षक पारस चावला, ​आरक्षक देवेन्द्र सिंह डोडिया शामिल हैं।

​ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के दौरान औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी, माणकचौक थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान और सैलाना थाना प्रभारी निरीक्षक पिंकी आकाश प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए और अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने का संकल्प लिया।