5
Popup Ad
Movie prime

 रतलाम / पुलिस की सफलता, साधु बनकर पांच साल से फरार चल रहा इनामी चोर गिरफ्तार

 
 

रतलाम, 23 अप्रैल (इ खबर टुडे)। जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रतलाम पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने चोरी के मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए साधु का वेश धारण कर मंदिरों में फरारी काट रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ​घटना की शुरुआत 9 अगस्त 2022 को हुई थी, जब पीएनटी कॉलोनी निवासी आफताब अब्बासी ने अपना आयशर ट्रैक्टर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 379 और 411 भादवि के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका था, लेकिन मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विष्णु महाराज तभी से फरार था।

​साधु के वेश में बदलता रहा ठिकाने
​पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में आरोपी पर ₹2,000 का इनाम घोषित किया गया था। जांच के दौरान साइबर सेल और मुखबिरों से पता चला कि आरोपी विक्रम (41 वर्ष), जो मूल रूप से भीलवाड़ा (राजस्थान) का निवासी है, पुलिस से बचने के लिए साधु बन गया है। वह अलग-अलग शहरों के मंदिरों में रुकता और अपनी पहचान छुपाने के लिए लगातार ठिकाने बदलता रहता था, जिससे उसे पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

​इंदौर से हुई गिरफ्तारी
​नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया और थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया। अंततः सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को इंदौर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया। इस महत्वपूर्ण सफलता पर पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के प्रयासों की सराहना की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर अब वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना औद्योगिक क्षेत्र रतलाम के थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र रघुवंशी, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप खाती, प्रधान आरक्षक तपेश गोसाई एवं साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।