रतलाम में जनगणना 2027 की तैयारी शुरू, कलेक्टर मिशा सिंह ने की स्व-गणना की शुरुआत
रतलाम, 17 अप्रैल(इ खबर टुडे)। भारत सरकार के जनगणना निदेशालय के निर्देशानुसार आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के तहत जिले में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो गई है। इस अभियान के तहत नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा प्रदान की गई है।
कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह ने स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण कर इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने जिले के सभी नागरिकों और शासकीय कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि यह एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसमें सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
कलेक्टर ने बताया कि नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक निर्धारित पोर्टल https://se.census.gov.in
पर जाकर अपनी व्यक्तिगत एवं परिवार संबंधी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना से प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सटीक और समयबद्ध बनेगी।
प्रशासन ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें, ताकि जिले में जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूर्ण किया जा सके।

