पुलिस ने सड़कों पर निकला गुंडे-बदमाशों का जुलूस, न्यायालय में किया पेश
रतलाम, 07 मई (इ खबर टुडे)। शहर में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने और अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने के लिए रतलाम पुलिस अब सख्त एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक के कड़े निर्देशों के बाद जिले भर में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान और गश्त के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इसी कड़ी में गुरुवार को पुलिस ने आदतन अपराधियों और गुंडे-बदमाशों का सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला और उन्हें न्यायालय में पेश किया।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में शहर के चारो थाने स्टेशन रोड, दीनदयाल नगर, औद्योगिक क्षेत्र, और माणक चौक थाने के करीब बीस से ज्यादा सूचीबद्ध बदमाशों को स्टेशन रोड थाने पर एकत्रित किया गया। पुलिस ने इन अपराधियों को थाने से लेकर सीएसपी कार्यालय तक करीब 500 मीटर की दूरी तक पैदल मार्च करवाते हुए निकाला। इस दौरान गुंडे बदमाश अपना मुँह छुपाते रहे।
आमजन में सुरक्षा, अपराधियों में डर
पुलिस की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम नागरिकों के मन से अपराधियों का भय दूर करना है। सीएसपी घनघोरिया ने बताया कि "जिले में आपराधिक प्रवृत्तियों में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सभी थानों को गश्त बढ़ाने और संदिग्धों पर नजर रखने को कहा गया है। आज करीब 20 से अधिक बदमाशों को कोर्ट में पेश किया गया है, ताकि उन पर कड़ी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।"
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में रतलाम पुलिस अवैध शराब, जुआ-सट्टा और गुंडागर्दी करने वालों पर पैनी नजर रखे हुए है।

