Movie prime

 रतलाम: भजन संध्या में विवाद के बाद पुलिस टीम पर पथराव, थाना प्रभारी समेत पांच जवान घायल; छह आरोपी गिरफ्तार

 

 

रतलाम, 23 सितंबर (इ खबर टुडे)। ​जिले के रिंगनोद थाना अंतर्गत पिपलिया जोधा गांव में डोल ग्यारस के अवसर पर आयोजित भजन संध्या के दौरान मंच पर चढ़ने से रोकने की बात को लेकर बढ़ा विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आयोजन के दौरान उपजे विवाद के बाद एक युवक ने अपने परिजनों और साथियों के साथ मिलकर मौके पर मौजूद पुलिस बल पर पथराव कर दिया। इस हमले में रिंगनोद थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 सितंबर की रात शासकीय माध्यमिक विद्यालय के पास भजन संध्या का आयोजन चल रहा था, जहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए माननखेड़ा चौकी से आरक्षक घनश्याम कुमावत और संतोष तैनात थे। रात करीब 11 बजे गांव का सुनील पिता रामसुख जबरन मंच पर चढ़ गया। आयोजन समिति के सदस्यों और ड्यूटी पर तैनात आरक्षकों ने जब उसे नीचे उतरने को कहा, तो वह विवाद करने लगा और पुलिसकर्मियों को देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया।

​परिजनों के साथ मिलकर बोला हमला
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरक्षक घनश्याम ने तत्काल इसकी सूचना रिंगनोद थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और माननखेड़ा चौकी प्रभारी राजेश मालवीय अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम स्कूल परिसर के पास खड़ी ही थी कि तभी आरोपी सुनील अपने परिजनों और साथियों (दिलीप, जितेंद्र, रामसुख, धाबूपाई, कैलाश और अर्जुन) के साथ लाठी व पत्थर लेकर वहां पहुंच गया। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और पुलिस बल पर ताबड़तोड़ पथराव कर दिया।

​थाना प्रभारी और आरक्षकों को आई गंभीर चोटें
अचानक हुए इस हमले से अफरा-तफरी मच गई। पथराव में आरक्षक नरेंद्र सिंह हाड़ा के सिर में पत्थर लगने से गहरा घाव हो गया, जबकि थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के सिर व कमर में चोट आई है। इसके अलावा आरक्षक अनिल डांगी, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह और आरक्षक घनश्याम कुमावत (जिन पर लकड़ी से हमला किया गया) घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। सभी घायल पुलिसकर्मियों का जावरा के शासकीय अस्पताल में मेडिकल कराया गया है।

​सात पर प्रकरण दर्ज, छह गिरफ्तार
"पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं (109, 132, 191(2) एवं 296-ए) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है। नामजद सात आरोपियों में से छह को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी विवेचना जारी है।"
— आनंद सिंह आजाद, थाना प्रभारी, रिंगनोद