Movie prime

ट्रैफिक खुलवा रही पुलिस टीम पर हमला, अभद्रता कर दी जान से मारने की धमकी, तीन आरोपी गिरफ्तार

 

 

 

रतलाम, 24जून(इ खबर टुडे)। कस्बा बाजना के पाटिया पुल पर ट्रैफिक जाम खुलवाने और व्यवस्था बनाने पहुंची पुलिस टीम के साथ कुछ युवकों द्वारा अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अतिरिक्त बल की मदद से स्थिति पर काबू पाया और मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन मंगलवार को दोपहर करीब 2:30 बजे थाना बाजना पर पदस्थ आरक्षक प्रकाश सिगांड अपने साथी आरक्षक कमलेश हारी और दरबार जमरा के साथ कस्बा बाजना की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि पाटिया पुल पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आम जनता की सुविधा के लिए ट्रैफिक खुलवाने लगे।

​इसी बीच वहां 3-4 अज्ञात व्यक्ति आए और पुलिसकर्मियों से विवाद करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। जब पुलिस टीम ने उन्हें गालियां देने से मना किया, तो उक्त आरोपी उग्र हो गए और आरक्षक प्रकाश सिगांड के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए आरक्षक कमलेश और दरबार के साथ भी आरोपियों ने झूमाझटकी करते हुए मारपीट की।

​थाने में घुसकर मारने की दी धमकी
​दबंगई दिखाते हुए आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से कहा, "यह एरिया हमारा है, थाने में घुसकर भी जान से खत्म कर देंगे।" स्थिति को बिगड़ता देख पुलिसकर्मियों ने तुरंत थाने पर सूचना देकर अतिरिक्त बल की मांग की। ​सूचना मिलते ही मौके पर डायल 112 वाहन और अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचा। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को खदेड़ा और मौके से दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया, जबकि दो अन्य आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

​थाने लाकर जब पूछताछ की गई तो पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम निर्मल मुनिया और लक्ष्मीचंद मुनिया बताया। कुछ देर बाद विवाद में शामिल एक अन्य आरोपी भी थाने पहुंचा, जिसकी पहचान पवन मुनिया के रूप में हुई।

gold

​थाना बाजना पुलिस ने फरियादी आरक्षक प्रकाश सिगांड की शिकायत पर अपराध क्रमांक 0339/2026 पंजीकृत कर आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।