रतलाम / अपहरण हुई नाबालिग बालिका को पुलिस ने किया बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
रतलाम, 12 फरवरी (इ खबर टुडे)। पांच माह पूर्व पिपलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को इंदौर से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को भी बरामद कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध अपहरण सहित पॉस्को एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पिपलोदा थाना प्रभारी रमेश कोली के अनुसार पांच माह पूर्व आरोपी अर्जुन पिता मोहनपुरा गोस्वामी 22 वर्षीय निवासी ग्राम पंचेवा एक नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर अपहरण कर इंदौर ले गया था। बालिका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर बालिका की तलाश में जुट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जावरा के अनुविभागीय अधिकारी संदीप कुमार मालवीय के निर्देश पर सुखेड़ा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक राजू मखोड के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित हुई। टीम ने साइबर एवं तकनीकी सहायता से आरोपी को इंदौर के परदेसी पुरा से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से अपहरण हुई नाबालिग बालिका को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पांच माह से नाबालिग बालिका को बहला फुसलाकर इंदौर में छुपकर मजदूरी का काम कर रहा था। पुलिस ने नाबालिग बालिका के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध अपहरण एवं पास्को सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी अर्जुन को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे उप जेल जावरा भेज दिया गया। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार करने में पिपलौदा थाना प्रभारी रमेश कोली, सुखेड़ा चौकी प्रभारी उनि राजू मखोड़, आरक्षक विजय पाल, आरक्षक त्रिलोकसिंह ,आरक्षक जितेन्द्र माली, आरक्षक राजेश पटेल, सैनिक अशोक कुमावत सायबर सेल से आर विपुल भावसार, आर तुषार सिसोदिया की सराहनीय भूमिका रही।

