Movie prime

 रतलाम / खाकी पर पथराव करने वाले डकैतों पर भारी पड़ी पुलिस; 16 गिरफ्तार, 30 लाख का माल जब्त

 
 

रतलाम, 22 मई (इ खबर टुडे)। थाना रिंगनोद क्षेत्र के ग्राम रोला मगरा के पास सुजलोन कंपनी की पवन चक्कियों पर धावा बोलकर सुरक्षाकर्मी को बंधक बनाने, पुलिस टीम पर हमला करने और लाखों रुपये की लूट व चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर्ज़िला गिरोह का रतलाम पुलिस ने महज़ कुछ ही घंटों में पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी गई भारी मात्रा में कॉपर केबल, घटना में प्रयुक्त एक बोलेरो और एक पिकअप वाहन जब्त किया गया है, जिसकी कुल कीमत 30 लाख रुपये आंकी गई है।

घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि दिनांक 20 मई की रात करीब 00:15 बजे गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम रोला मगरा स्थित सुजलोन कंपनी की पवन चक्की नंबर CSK-01 पर 15-20 बदमाश हाथ में लठ और पत्थर लेकर लूट के इरादे से जमा हुए हैं।

सूचना मिलते ही रिंगनोद थाना प्रभारी बल के साथ शासकीय वाहन से मौके पर पहुँचे। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने उन पर बड़े-बड़े पत्थरों से हमला कर दिया। इस पथराव में फरियादी (गार्ड) के सिर में गंभीर चोट आई और कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश गार्ड को बंधक बनाकर उसके पास से 11,000/- रुपये नकद और पवन चक्की नंबर CKS-01 व CKS-08 से करीब 10 लाख रुपये कीमत की कॉपर केबल काटकर फरार हो गए थे।

क्षेत्र में हुई इस गंभीर वारदात को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार द्वारा त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन व SDOP संदीप मालवीय के निर्देशन में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम और सायबर सेल का गठन किया गया।

पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घेराबंदी कर वारदात में शामिल सभी 16 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने सुजलोन कंपनी की पवन चक्कियों से केबल चोरी और लूट की वारदात को कुबूल किया है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम
मनीष, 2. कालूराम, 3. गजेंद्र उर्फ गजानन, 4. सागर, 5. दिनेश, 6. मांगीलाल, 7. मुकेश, 8. देवचंद्र, 9. राकेश, 10. बंशीलाल, 11. नानूराम, 12. सुनील, 13. देवीलाल, 14. बंटी, 15. संजय, और 16. पूनमचंद।

मशरूका और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई कॉपर केबल सहित घटना में प्रयुक्त दो वाहन बोलेरो गाड़ी (क्र. MP-13-TA-2920), पिकअप वाहन (क्र. MP-43-ZM-9504) जिनकी कूल कीमत 30 लाख रुपए को बरामद किया है। 

इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस अंधी डकैती का चंद घंटों में खुलासा करने में रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उनि आर एस मेहड़ा, सउनि संजय बोराना, प्रआर मनोज पाण्डे, प्रआर कमलसिंह बघेल, प्रआर ओमप्रकाश, आर नरेन्द्र सिंह हाडा, आर अतुल दुबे, आर दीपक पडियार, आर राजेश सेंगर, आर नगेन्द्र सिंह, आर ब्रजकिशोर, आर राहुल पाटीदार, सायबर सेल टीम और थाना डी डी नगर रतलाम के प्रआर शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, आर राजू गरवाल, आर मयंक व आर संदीप की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही। एसपी अमित कुमार द्वारा टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।