ईद-ए-मिलाद पर रतलाम में पुलिस अलर्ट: डीआईजी व एसपी ने पैदल घूमकर लिया जुलूस मार्ग का जायजा
रतलाम, 25 अगस्त(इ खबर टुडे)। आगामी त्योहारों (ईद-ए-मिलाद, रक्षाबंधन और जन्माष्टमी) को देखते हुए रतलाम पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। शहर में शांति, सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को डीआईजी निमिष अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों व मुख्य बाजारों में पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने विशेष रूप से 26 अगस्त को ईद-ए-मिलाद के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के निर्धारित मार्ग की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का बारीकी से अवलोकन किया।
जुलूस मार्ग एवं समय ईद-ए-मिलाद का जुलूस बुधवार (26 अगस्त) प्रातः 08 बजे आबकारी चौराहा से प्रारंभ होगा। यह हरदेवलाला पिपली, तोपखाना, गणेश देवरी, डालूमोदी, चिंतामन गणेश मंदिर, महलवाड़ा, सूरजपोल, मोचीपुरा, काजीपुरा, शैरानीपुरा, जमातखाना, आनंद कॉलोनी, कांवेंट तिराहा, कोर्ट तिराहा, अम्बेडकर तिराहा, स्टेशन रोड थाना, दो बत्ती चौराहा, न्यू रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, शहर सराय और शहीद चौक से होते हुए पुनः आबकारी चौराहा पर समाप्त होगा।
सुरक्षा व्यवस्था के मुख्य बिंदु
पूरे जुलूस मार्ग और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और तकनीकी संसाधनों से असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जाएगी। त्योहारों के दौरान बाजारों में ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए आवश्यकतानुसार नो-व्हीकल जोन, पार्किंग व्यवस्था और रूट डायवर्जन लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने की हिदायत दी गई है।
नागरिकों से शांति की अपील
रतलाम पुलिस ने आमजन से आगामी सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। साथ ही यातायात नियमों और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा है।
निरीक्षण के दौरान एएसपी विवेक कुमार लाल, एएसपी राकेश पंद्रो, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, डीएसपी आनंद सोनी और आरआई मोहन भर्रावत सहित कई थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

