रतलाम / पुलिस ने किए 300 क्वार्टर अवैध देशी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी ज़ब्त
रतलाम,15 मई(इ खबर टुडे)। जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिवगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से अवैध शराब ले जा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 300 क्वार्टर अवैध देशी प्लेन शराब और तस्करी में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल ज़ब्त की है। ज़ब्त किए गए माल (मशरूका) की कुल कीमत करीब 1 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसपी अमित कुमार एवं एएसपी विवेक कुमार लाल के निर्देशन व एसडीओपी (ग्रामीण) किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। 14 मई को सहायक उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्वालगढ़ मार्ग से मोटरसाइकिल पर अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल ग्वालगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर दो युवक बीच में बड़ा थैला रखकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोका। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम गोपाल (20) पिता रामचंद्र गुर्जर निवासी तालाब बोर्डी और दिलीप (26) पिता मांगु डामर निवासी ग्राम ग्वालगढ़ बताया।
थैले से मिले 6 कार्टून, आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने जब आरोपियों के पास मौजूद थैले की तलाशी ली, तो उसमें 06 कार्टूनों में भरी हुई 300 क्वार्टर देशी प्लेन शराब बरामद हुई (कुल मात्रा लगभग 54 लीटर), जिसकी बाजार कीमत करीब 21,000/- है। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल ज़ब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना शिवगढ़ में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगाने में जुटी है कि वे यह शराब कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे।
कार्रवाई में इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम देने में शिवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक रणजीतसिंह मकवाना, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भूरिया, सहायक उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक मेहताबसिंह यादव एवं आरक्षक शैतानसिंह खड़िया की मुख्य व सराहनीय भूमिका रही।

