रतलाम / सरेआम छेड़खानी के आरोपी अब्दुल रहमान को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मुख्य बाजार में निकाला जुलूस
रतलाम,10 सितंबर(इ खबर टुडे)। माणक चौक थाना क्षेत्र में युवती से लगातार छेड़खानी, पीछा करने और तेजाब फेंकने की धमकी देने वाले आरोपी अब्दुल रहमान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आज दोपहर पुलिस आरोपी को सरेराह मुख्य बाजार में जुलूस निकालते हुए घटनास्थल पर तस्दीक के लिए ले गई, जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार त्रिवेणी रोड स्थित संत नगर युवती ने माणक चौक थाना पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के अनुसार, पिछले 3-4 महीनों से कुछ लड़के दुकान के बाहर चक्कर लगाकर उसका पीछा करते थे और भद्दे कमेंट्स करते थे। बीते दिन बुधवार को दोपहर लगभग 1 बजे जब युवती भोजन करने जा रही थी, तब आरोपियों ने स्कूटी से उसका पीछा किया और रोकने का प्रयास किया।
युवती ने हिम्मत दिखाते हुए दुकान पर पहुंचकर आरोपियों का वीडियो बनाया, जिसमें उनका चेहरा व स्कूटी का नंबर स्पष्ट रिकॉर्ड हो गया। जब पीड़िता के पिता मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाते हुए कहा कि "तेरी बेटी का तेजाब से चेहरा बिगाड़ देंगे।"
सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पीड़िता और उसका परिवार भयभीत होकर माणक चौक थाने पहुंचे और नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अब्दुल रहमान को धर दबोचा और इलाके में आरोपियों के हौसले पस्त करने के उद्देश्य से मुख्य बाजार में उसका जुलूस निकाला। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

