10 साल की सजा पाकर फरार हुआ पॉक्सो एक्ट का आरोपी पंजाब से गिरफ्तार
रतलाम,23 मई(इ खबर टुडे)। रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन” के तहत नामली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने नाबालिग के अपहरण और पॉक्सो एक्ट के मामले में 10 वर्ष की सश्रम कारावास की सजा पाए एक फरार स्थाई वारंटी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से अपनी पहचान छुपाकर फरार चल रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 9 सितंबर 2018 को थाना नामली क्षेत्र के अंतर्गत एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 211/2018 के तहत धारा 363 भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाबालिग को आरोपी सुखविंदरसिंह उर्फ मनदीपसिंह (पिता बुटासिंह उर्फ मलखनसिंह सिख, उम्र 30 वर्ष, निवासी चकर, थाना हकुर, जिला लुधियाना, पंजाब) के कब्जे से मुक्त कराकर आरोपी को जेल भेजा था।
जमानत मिलने के बाद हो गया था फरार
न्यायालयीन प्रक्रिया के दौरान माननीय विशेष न्यायालय (पॉक्सो एक्ट) जिला रतलाम ने आरोपी को दोषी पाते हुए धारा 363, 366, 376(2)(N) भादवि एवं पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, विचारण के दौरान आरोपी माननीय उच्च न्यायालय इंदौर से जमानत मिलने के बाद अपने गृह राज्य पंजाब चला गया और वहां जाकर फरार हो गया।
तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पंजाब में दबोचा
महिला संबंधी और गंभीर अपराधों के मामलों को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल और एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया। नामली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) की मदद ली और आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। इसके बाद पुलिस टीम ने पंजाब में दबिश देकर आरोपी सुखविंदरसिंह को धर दबोचा। आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस गंभीर और फरार आरोपी को पकड़ने में नामली थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार कोरी, उप निरीक्षक मुकेश, प्रधान आरक्षक दिलीप रावत, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक तुषार सिसोदिया और आरक्षक राहुल पाटीदार की मुख्य और सराहनीय भूमिका रही।

