रतलाम के पिपलखुटा में लगा दुनिया के सबसे महंगे फलों और पौधों का प्लांटेशन, MGM ग्रुप की पहल
रतलाम, 19 जुलाई (इ खबर टुडे)। जिले के ग्राम पंचायत पिपलखुटा में कृषि क्षेत्र में एक अनोखी और आधुनिक शुरुआत हुई है। यहाँ के प्रगतिशील किसान चयन जोशी (इंजीनियर, नेवी) के खेत पर MGM ग्रुप द्वारा दुनिया के सबसे महंगे फल और औषधीय पौधों का प्लांटेशन (पौधारोपण) किया गया है।
इस हाई-वैल्यू प्लांटेशन के तहत खेत में विश्व प्रसिद्ध मियाजाकी जापानी आम (Miyazaki Mango), अगरवुड (Agarwood), कोकोवा (Cocoa) और मोरिंगा (Moringa) जैसे बेहद कीमती और उच्च मूल्य वाले पौधे लगाए गए हैं।
कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
इस विशेष पौधारोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जन अभियान परिषद, जिला पंचायत रतलाम के रत्नेश विजयवर्गीय उपस्थित रहे। इस अवसर पर MGM कंपनी के डायरेक्टर बालचंद्र जी विश्वकर्मा, कन्हैया लाल यादव एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष के निजी सहायक ओम सेठिया सहित MGM की पूरी टीम और क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कंपनी देगी खरीदी-बिक्री की 100% गारंटी
कार्यक्रम के दौरान MGM कंपनी के प्रबंधन ने किसानों को आश्वस्त करते हुए बताया कि कंपनी न केवल किसानों के साथ मिलकर उनके खेतों पर हाई-वैल्यू प्लांटेशन करवाती है, बल्कि फसल की खरीदी-बिक्री का कानूनी एग्रीमेंट (बायबैक गारंटी) भी करती है। इस एग्रीमेंट से किसानों को फसल तैयार होने के बाद बाजार की भटकन या मंदी की चिंता नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें सीधे तौर पर बेहतर व सुनिश्चित आय प्राप्त होगी।
"MGM ग्रुप के जांबाज लीडर्स—शफ़क़त अली स्टेशन वाला, कन्हैयालाल मालवीय, दिनेश जी और पंकज जोशी की टीम के माध्यम से हमें खेती में नई तकनीक और अधिक मुनाफे वाली फसलों को अपनाने का सुनहरा अवसर मिला है।"
– चयन जोशी, प्रगतिशील किसान
पारंपरिक खेती से आधुनिकता की ओर बढ़ते कदम
रतलाम क्षेत्र में मियाजाकी आम और अगरवुड जैसे पौधों का प्लांटेशन क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा। MGM ग्रुप की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में आधुनिक और मुनाफे वाली खेती को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।

