Movie prime

रतलाम / शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर युवती की तस्वीरें वायरल, आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

 
 

​रतलाम, 11 अप्रैल (इ खबर टुडे)। शहर की पीएंडटी कॉलोनी में रहने वाली एक युवती को शादी का प्रस्ताव ठुकराना महंगा पड़ गया। आरोपी ने न केवल युवती के साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी, बल्कि उसकी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दीं। पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया है।

औद्योगिक थाना ​​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत करते हुए बताया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से पुष्पेन्द्र पिता शांतिलाल धमान निवासी ग्राम रुपेटा, जिला उज्जैन से हुई थी। दिसंबर 2025 से दोनों के बीच मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई, जो धीरे-धीरे दोस्ती में बदल गई।

​प्रस्ताव ठुकराने पर दी धमकी
​घटनाक्रम के अनुसार, 15 फरवरी 2026 को पुष्पेन्द्र ने युवती के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। जब युवती ने इसे स्वीकार करने से मना कर दिया, तो आरोपी ने अपना आपा खो दिया। उसने पीड़िता को फोन पर भद्दी-भद्दी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी।

​तस्वीरें कीं वायरल
​आरोपी पुष्पेन्द्र ने पीड़िता को डराते हुए कहा कि वह उसकी फोटो वायरल कर देगा। धमकी देने के कुछ समय बाद ही उसने युवती की तस्वीरें सार्वजनिक कर दीं। परेशान होकर पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी बात बताई और थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

​पुलिस की कार्रवाई
​पुलिस ने इस मामले में युवती की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के विरुद्ध धारा 12 और 13 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपी की तलाश में जुट गई है।