Movie prime

 रतलाम कलेक्ट्रेट में भौतिक फाइलें और डाक बंद, अब सिर्फ e-Office और ईमेल से होंगे काम

 कलेक्टर अजय कटेसरिया ने जारी किए सख्त निर्देश, जिले में पेपरलेस व्यवस्था लागू
 
 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के लिए 30 सितंबर तक मिली संक्रमणकालीन छूट

 

​रतलाम, 03 सितम्बर (इ खबर टुडे)। जिला प्रशासन के शासकीय कार्यों को त्वरित, पारदर्शी और पेपरलेस बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने ई-ऑफिस प्रणाली को कड़ाई से लागू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अब कलेक्टर कार्यालय में अधीनस्थ कार्यालयों से आने वाली सभी प्रकार की भौतिक (फिजिकल) फाइलों और डाक के आवागमन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

​कलेक्टर ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि जिन प्रकरणों में आदेश, अनुमोदन, स्वीकृति या निर्णय अपेक्षित है, वे अनिवार्य रूप से e-Office की e-File प्रणाली से ही भेजे जाएंगे। केवल जानकारी, प्रतिवेदन या अभिमत चाहने वाले प्रकरणों का उत्तर संबंधित शाखा या अधिकारी की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजा जाएगा। इसके लिए पृथक से कागज या फाइल भेजने की जरूरत नहीं होगी। 

सामान्य पत्राचार या केवल पत्र अग्रेषित करने के लिए भौतिक डाक का मूवमेंट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। केवल अत्यंत अपरिहार्य वैधानिक स्थितियों में ही डिजिटल माध्यम से छूट रहेगी। सीएम हेल्पलाइन के 'स्पेशल क्लोजर' प्रकरणों में हर शिकायत की पृथक TOC (Table of Contents) फाइल तैयार कर e-File के जरिए अनुमति ली जाएगी। इस प्रक्रिया के लिए 30 सितंबर 2026 तक एक माह की विशेष छूट दी गई है।

​कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से इन निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी भौतिक डाक डिस्पैच न की जाए।