शासन की समितियों में कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां जल्द हो :हिम्मत कोठारी
रतलाम,04 सितंबर(इ खबर टुडे ) । वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कार्यकर्ताओं के सम्मान की आवाज उठाते हुए शासन व निगम-मंडलों, सहकारी क्षेत्र, अन्य सभी समितियों में जहां शासन द्वारा नियुक्तियां होती है, वहां कार्यकर्ताओं की जल्द नियुक्तियों की मांग की है ।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने प्रदेश में सरकार गठन के पौने तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी कई महत्वपूर्ण समितियों, निगमों व प्राधिकरणों, अन्य सभी समिति जिनमें कार्यकर्ताओं की शासन द्वारा कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां हो सकती उन सभी स्थानों में नियुक्तियां न होने पर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने मांग की है कि शेष रिक्त पड़े पदों पर निष्ठावान कार्यकर्ताओं की नियुक्तियां बिना किसी विलंब के शीघ्र की जाएं।
पूर्व गृह मंत्री कोठारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की हर जीत का वास्तविक आधार उसका निष्ठावान कार्यकर्ता होता है। कार्यकर्ताओं की दिन-रात की मेहनत और लगन के बल पर ही पार्टी का परचम फहराता है। ऐसे में सरकार बनने के बाद कार्यकर्ताओं को उचित मान-सम्मान और जिम्मेदारी मिलना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि अक्सर देखा जाता है कि बड़े पदों पर नियुक्तियां सरकार बनते ही जल्दबाजी में हो जाती हैं, लेकिन जब छोटे एवं जमीनी कार्यकर्ताओं को स्थान देने की बात आती है, तो निर्णय और विचार-विमर्श में लंबा समय लग जाता है।
वर्तमान में एल्डरमैन और विकास प्राधिकरणों में जो नियुक्तियां की गई हैं, उनमें कार्यकर्ताओं को काम करने के लिए केवल एक वर्ष के आसपास का ही समय मिल पाएगा, जो कि बेहद कम है। यदि यह नियुक्तियां सरकार गठन के कुछ समय बाद ही हो जातीं, तो कार्यकर्ताओं को जनता की सेवा करने और अपनी प्रशासनिक क्षमता साबित करने का पर्याप्त अवसर मिलता।
श्री कोठारी ने शासन व संगठन से आग्रह किया है कि कार्यकर्ताओं के मनोबल को बनाए रखने और उनके समर्पण का सम्मान करने के लिए बची हुई सभी समितियों व प्राधिकरणों में शीघ्रता से मनोनयन किया जाए, ताकि पार्टी की नीतियों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँच सके। (जारीकर्ता: कार्यालय, पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी)

