Movie prime

रतलाम/ सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट को लेकर आक्रोश, सर्व हिंदू समाज ने सीएसपी को सौंपा ज्ञापन

 

 

 

​रतलाम, 03 अक्टूबर(इ खबर टुडे)। नगर के एक प्रसिद्ध होटल प्रेसिडेंट में बीते दिन शुक्रवार को एक महिला द्वारा अपने पति विजय दगदी को अन्य युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़े जाने और उसके बाद औधोगिक थाना पुलिस द्वारा दर्ज मारपीट के मामले व युवती को वन स्टॉप सेंटर भेजे जाने की घटना के बाद सोशल मीडिया पर छिड़ी टिप्पणी को लेकर तनाव की स्थिति बन गई है।

​इस घटना के बाद सोशल मीडिया पेज "Jaora City" द्वारा हिंदू संगठनों और धर्म के बारे में आपत्तिजनक व भ्रामक पोस्ट शेयर करने का मामला सामने आया है। इससे आहत सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने शनिवार को नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) युवराज सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर संबंधित पेज संचालक के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

​भ्रामक शब्दावली पर आपत्ति
​ज्ञापन में सर्व हिंदू समाज ने उल्लेख किया है कि "Jaora City" नामक पेज द्वारा 2 अक्टूबर 2026 को एक पोस्ट प्रकाशित की गई, जिसमें घटना का हवाला देते हुए "धर्म के ठेकेदार" तथा "हिंदू संगठन" जैसे शब्दों का प्रयोग कर आक्षेप लगाए गए हैं। सर्व हिंदू समाज का कहना है कि बिना वास्तविक तथ्यों की पुष्टि किए समाज या संगठन को निशाना बनाना सामाजिक सौहार्द और वैमनस्यता फैलाने का प्रयास है।  

​ज्ञापन में प्रमुख मांगें
​"Jaora City" पेज की मूल URL, पोस्ट का समय और पेज एडमिन/संचालक की पहचान कर कार्रवाई की जाए। इस प्रकार के विवादित व भ्रामक पेजों की साइबर सेल के माध्यम से जाँच कर उन्हें ब्लॉक किया जाए। यदि जाँच में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 या अन्य दंडात्मक प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है, तो दोषियों पर मामला दर्ज किया जाए। सोशल मीडिया से साक्ष्य मिटाए न जा सकें, इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित किया जाए।  

​सर्व हिंदू समाज ने मांग की है कि किसी व्यक्ति विशेष के कृत्य की आड़ में पूरे हिंदू संगठन या धार्मिक-सामाजिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने वालों पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार जाँच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।