Ratlam News: रतलाम के किसानों का खेतों में सड़ रहा है प्याज, मंडी में नहीं मिल रहे भाव
Ratlam News: रतलाम में मई में हो रही लगातार बारिश से किसानों का प्याज खेतों में खराब होने लगा है। इस कारण मंडी में भी भाव नहीं मिल रहे हैं। बुधवार को मंडी में औसत प्याज 4 से 6 रुपए किलो बिका। आसपास के गांव शिवपुर, रामपुरिया, सेवरिया, रोजड़का, ईटावाखुर्द में प्याज की फसल को नुकसान होना शुरू हो गया है। वहीं खेतों में रखे प्याज सड़ने लगे हैं। किसानों का कहना है कि इससे उत्पादन कम होगा।
जिले में करीब 500 हेक्टेयर में प्याज लगा हुआ है। 10 से 15 दिन के अंदर इसकी कटाई शुरू हो जाएगी। लगातार हो रही बारिश ने किसानों की दिक्कतें बढ़ा दी हैं। इधर किसानों ने जिला प्रशासन से सर्वे कराने की मांग की है।
ज्यादातर प्याज खेतों से बाहर चुका है उद्यानिकी विभाग के वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी एसएस गरवाल ने बताया कि लेट वाली फसल के नुकसान की जानकारी मिल रही है। कुछ जगह 5 से 7 फीसदी नुकसान हुआ है।
किसान बोले हजारों रुपए खर्च हुए प्याज की खेती पर
शिवपुर के किसान भोला राठौड़ ने बताया कि मई माह की शुरुआत से बारिश हो रही है। इससे प्याज की फसल को नुकसान हो रहा है। 2 बीघा में चौपाई, निंदाई, दवाई आदि पर 40 हजार रुपए खर्च हो चुके हैं। बारिश जारी रही तो भारी नुकसान होगा। किसान शुभम प्रजापत ने बताया कि डेढ़ बीघा में प्याज की बुआई की थी। फसल पक कर तैयार हो गई थी। सिर्फ निकालने के बाद कटाई करना थी लेकिन बारिश होने से प्याज सड़ने लगे हैं। इससे नुकसान होगा।
रामपुरिया निवासी गोवर्धन मुनिया ने बताया कि हर साल प्याज की बुआई करते हैं और समय पर फसल पक कर तैयार हो जाती है और कटाई शुरू कर देते हैं। इस बार लगातार बारिश से खेतों में प्याज सड़ने लगा है।