डिजिटल सेवाओं के विस्तार को लेकर सीएससी वीएलई की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित
रतलाम,26 सितंबर(इ खबर टुडे)। डिजिटल इंडिया के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से जिले में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर्स (वीएलई) के लिए जनपद पंचायत सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिलेभर से 120 से अधिक वीएलई ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में सीएससी के राज्य प्रमुख अतुलित राय, राज्य परियोजना प्रबंधक अभिषेक जरारिया, राज्य समन्वयक आशीष द्विवेदी, सागर गुप्ता, बैंकिंग हेड सिद्धार्थ सिन्हा एवं सीएससी जिला प्रबंधक राकेश प्रजापत ने वीएलई को डिजिटल सेवाओं के प्रभावी संचालन एवं विस्तार की जानकारी दी।
विशेषज्ञों ने आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड, ई-श्रम पंजीयन, बैंकिंग बीसी सेवाएं, डिजीपे, बीमा सेवाएं, टेली-लॉ एवं बिजली बिल भुगतान जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि इन सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुगम तरीके से आमजन तक पहुंचाने में वीएलई की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यशाला के दौरान वीएलई को नई तकनीकी जानकारियों और विभिन्न प्रक्रियाओं से भी अवगत कराया गया, ताकि वे ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक प्रभावी ढंग से सेवाएं उपलब्ध करा सकें। अधिकारियों ने त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण डिजिटल सेवाएं आमजन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर नॉन-बैंकिंग सेक्टर की कंपनियों इंडिया शेल्टर, मुथूट फिनकॉर्प, वंडर फाइनेंस, आईआईएफएल, आईडीएफसी बैंक एवं मुथूट हाउसिंग फाइनेंस ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम में पिछले वित्तीय वर्ष में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही अटल सेवा केंद्र के पात्र वीएलई को पात्रता प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। कार्यशाला का समापन प्रश्नोत्तर सत्र एवं धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

