Movie prime

 रतलाम / तिरुपति ढाबे के सामने अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ एक आरोपी गिरफ्तार

 
 

रतलाम, 07 जून (इ खबर टुडे)। पुलिस ने अवैध शराब तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को अंग्रेजी शराब और बीयर के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जावरा शहर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात को पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि हुसैन टेकरी चौराहा स्थित तिरुपति ढाबा के सामने एक युवक अवैध रूप से शराब बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत योजना बनाकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।

बोरी और थैली से बरामद हुई विभिन्न ब्रांड की शराब
पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया, जिसकी पहचान राहुल सोलंकी 29 वर्ष पिता शांतिलाल सोलंकी, निवासी रिंगनोद (थाना रिंगनोद, जिला रतलाम) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली, तो उसके पास मौजूद सफेद कपड़े की थैली और घड़ी डिटर्जेंट पाउडर के झोले से भारी मात्रा में सीलबंद अवैध शराब 03 क्वाटर - बैगपाइपर व्हिस्की, 04 क्वाटर - ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की, 03 क्वाटर - 8 PM व्हिस्की, 03 क्वाटर - रॉयल चैलेंज व्हिस्की, 02 क्वाटर - लंदन प्राइड व्हिस्की, 01 क्वाटर - मैजिक मोमेंट्स व्हिस्की, 05 केन - पावर 10,000 बीयर, 06 केन - किंगफिशर बीयर, 03 बोतल - किंगफिशर बीयर, 01 बोतल - महारानी बीयर कुल 10.980 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 4,740 रुपये बताई जा रही है।

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
जावरा शहर थाना पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर आरोपी राहुल सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह शराब कहां से लाया था और इसे किसे सप्लाई करने जा रहा था।