Movie prime

पारिवारिक विवाद में बहू की करतूत: पति और रिश्तेदार को सोशल मीडिया पर दीं अश्लील गालियां, जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

 

 

 

 

​रतलाम,25 जून(इ खबर टुडे)। पारिवारिक कलह और तलाक के विवाद के बीच एक बहू द्वारा अपने ही पति, सास और एक अन्य महिला रिश्तेदार को प्रताड़ित करने तथा सोशल मीडिया पर अश्लील गालियां व धमकियां देने का मामला सामने आया है। फरियादिया की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जनकारी के  अनुसार, फरियादिया सुनीता ने अपनी रिश्ते की भाभी भावना बौरासी के साथ थाने पहुंचकर मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उनके बेटे संदीप बौरासी का विवाह 21 नवंबर 2021 को अंशिका (पिता राकेश वर्मा, निवासी उज्जैन) के साथ हुआ था। शादी के एक महीने बाद ही बहू अंशिका बिना बताए मायके चली गई और वहां से भी किसी के साथ भाग गई, जो चार दिन बाद मिली। सामाजिक मान-मर्यादा के कारण परिवार उसे समझाकर वापस रतलाम ले आया, लेकिन दो महीने बाद वह फिर मायके से भाग गई और चार-पांच दिन बाद वापस मिली।

​गर्दन पर गुदा था बॉयफ्रेंड का नाम, तलाक का केस जारी
​फरियादिया के अनुसार, जब बहू वापस घर आई तो उनके बेटे संदीप ने उसकी गर्दन के पीछे किसी लड़के का नाम गुदा (टैटू) हुआ देखा। पूछने पर अंशिका ने साफ कहा कि वह अपने बॉयफ्रेंड से ही शादी करना चाहती थी और घरवालों ने उसकी मर्जी के बिना यह शादी कराई है। वह लगातार तलाक का दबाव बनाने लगी और घर में विवाद करने लगी। परेशान होकर पति संदीप ने वर्ष 2023 में कोर्ट में तलाक का केस दायर कर दिया।

​गवाही देने पर भड़की बहू, सोशल मीडिया पर शुरू की प्रताड़ना
​तलाक के केस के दौरान रिश्ते की भाभी भावना बौरासी ने कोर्ट में अंशिका के दो बार भागने की गवाही दी थी। इसी बात से नाराज होकर अंशिका ने पति संदीप और भावना बौरासी को निशाना बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि अंशिका उन्हें किसी भी सार्वजनिक या पारिवारिक कार्यक्रम में मिलने पर मां-बहन की अश्लील गालियां देती है और जान से मारने की धमकी देती है।

​इतना ही नहीं, बहू ने मर्यादा की सारी हदें पार करते हुए पति संदीप और भावना को इंस्टाग्राम (Instagram) पर भी अश्लील गालियां लिखीं और समाज में उनके खिलाफ गलत बातें फैलाईं। उज्जैन कोर्ट में चल रहे दहेज केस की तारीख पर आने के दौरान भी वह कोर्ट परिसर के बाहर अश्लील गालियां और धमकियां देती है। लगातार मिल रहे अश्लील मैसेज और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आखिरकार पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

​प्राप्त शिकायत और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच का जिम्मा हेड कांस्टेबल (HC) अनीता राठौर को सौंपा गया है, जो इस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही हैं।