Movie prime

शासकीय ITI रतलाम में विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर NSUI ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

 

 

रतलाम,24 सितंबर(इ खबर टुडे)। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (ITI), रतलाम में छात्र-छात्राओं को आ रही विभिन्न समस्याओं के निराकरण एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के जिलाध्यक्ष निलेश शर्मा के नेतृत्व में पदाधिकारियों और विद्यार्थियों ने संस्था के प्राचार्य प्रशांत मईडा को एक ज्ञापन सौंपा।  

​ज्ञापन के माध्यम से एनएसयूआई ने विद्यार्थियों के हित में प्रमुख 6 मांगें रखी हैं जिसमें दूर-दराज से आने वाले विद्यार्थियों को सुबह 7:30 बजे पहुंचने में हो रही कठिनाइयों को देखते हुए समय बदलकर सुबह 9:30 बजे किया जाए। कॉलेज परिसर, कक्षाओं एवं वर्कशॉप में नियमित व व्यवस्थित सफाई सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा के दृष्टिगत क्षतिग्रस्त या अपूर्ण बाउंड्री वॉल का शीघ्र निर्माण कराया जाए। वर्कशॉप के शेड की छत व संरचनात्मक हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराई जाए।

बाहर से आने वाले छात्रों के आवास की समस्या दूर करने के लिए नए छात्रावास का निर्माण प्रारंभ किया जाए। शिक्षकों/प्रोफेसरों द्वारा विद्यार्थियों के साथ अभद्र भाषा के कथित प्रयोग पर निष्पक्ष जांच कर उचित नियमानुसार कार्रवाई की जाए।  

​NSUI जिलाध्यक्ष निलेश शर्मा ने कहा कि यदि दी गई समय-सीमा में समस्याओं का निराकरण नहीं किया गया, तो एनएसयूआई विद्यार्थियों के हित में लोकतांत्रिक व शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ​NSUI के नीलेश गोस्वामी और छात्र विक्की प्रजापत, नैतिक राठोड, दिव्यांश धनक, बलराम जाट, भव्य विजया सहित कई युवा नेता मौजूद रहे।