रतलाम के पोलो ग्राउंड की बदहाली पर NSUI का अनोखा विरोध, फोटो पर पुष्पमाला चढ़ाकर दी 'श्रद्धांजलि'
रतलाम, 19अगस्त (इ खबर टुडे)। एनएसयूआई रतलाम द्वारा शहर के ऐतिहासिक पोलो ग्राउंड की वर्तमान स्थिति को लेकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पोलो ग्राउंड की फोटो को फ्रेम में लगाकर उस पर पुष्पमाला अर्पित कर प्रतीकात्मक रूप से श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लगभग एक वर्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पोलो ग्राउंड में आयोजित सभा के दौरान इसके विकास एवं सुधार कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई थी। लेकिन घोषणा को एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पोलो ग्राउंड की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने कहा कि पोलो ग्राउंड की बदहाल स्थिति के कारण खिलाड़ियों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैदान में बारिश के दौरान जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती है, जिससे खिलाड़ियों के लिए अभ्यास एवं खेल गतिविधियां संचालित करना मुश्किल हो जाता है।
कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि पोलो ग्राउंड के विकास के लिए घोषित राशि का शीघ्र उपयोग करते हुए मैदान का समुचित विकास, जल निकासी, समतलीकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का कार्य जल्द शुरू किया जाए, ताकि शहर के खिलाड़ियों को बेहतर खेल मैदान उपलब्ध हो सके।
इस दौरान विक्की प्रजापत, आर्यन सेन, आदिल खान, अर्पित चौधरी, गोपाल पटेल, अंकित जाट, अभय दीक्षित, गौरव जाट, बलराम जाट, गोल्डी जाट, युवराज जाट सहित अनेक एनएसयूआई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

